इंदौर:चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में शुक्रवार को बड़ा मोड़ सामने आया जब मेघालय पुलिस की एसआईटी द्वारा मजिस्ट्रेट के सामने पेश किए गए दो आरोपियों आकाश और आनंद ने अपना गुनाह कबूल करने से साफ इनकार कर दिया।इससे पहले पुलिस पूछताछ में दोनों ने राजा की हत्या में शामिल होने की बात मानी थी। लेकिन अब कोर्ट में दिए बयान से केस की दिशा बदलती नजर आ रही है।
हालांकि, एसआईटी का दावा है कि उनके पास हत्या से जुड़े कई भौतिक साक्ष्य हैं, जो आरोपियों की संलिप्तता साबित करने के लिए पर्याप्त हैं। इनमें हत्या में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े, मोबाइल के टुकड़े, फिंगरप्रिंट्स, बरामद पिस्तौल, और सोनम का लैपटॉप शामिल हैं। इधर, आरोपियों के बयान बदलने के बाद यह भी अटकलें लग रही हैं कि इससे सोनम की भूमिका पर पुलिस का केस कमजोर पड़ सकता है।
मगर पुलिस अधिकारी साफ कह रहे हैं कि राज और सोनम के बीच हुई चैट और रिकॉर्डिंग भी हमारे पास हैं, जिन्हें कोर्ट में बतौर साक्ष्य पेश किया जाएगा। अब देखना यह होगा कि कोर्ट में ये भौतिक साक्ष्य कितना असर डाल पाते हैं और क्या आरोपियों की पलटी पुलिस की केस थ्योरी को प्रभावित करती है या नहीं।
