
छतरपुर। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाकर यातायात व्यवस्था सुगम करने के उद्देश्य से शनिवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ छतरपुर विधायक ललिता यादव की मौजूदगी में हुआ। इस दौरान नगर पालिका का अमला, तीनों थाना क्षेत्रों का पुलिस बल, यातायात पुलिस, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ), नगर पालिका अध्यक्ष और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने अभियान के पहले चरण में जनजागरूकता पर जोर देते हुए नागरिकों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील की।
विधायक ललिता यादव ने बताया कि अगले 15 दिनों तक बजरिया, चौक बाजार, पन्ना नाका, सागर रोड, नौगांव रोड सहित शहर के प्रमुख क्षेत्रों में जाकर दुकानदारों और नागरिकों को समझाइश दी जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों से हाथ जोड़कर अनुरोध किया जाएगा कि वे स्वयं अतिक्रमण हटाकर शहर को सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में सहयोग करें। उनका कहना था कि अतिक्रमण के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी होती है तथा बरसात में नालियों पर कब्जे के कारण जलभराव की समस्या भी बढ़ जाती है।
विधायक ने कहा कि कई बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठान, बैंक और अस्पताल अपने बेसमेंट में पार्किंग की व्यवस्था नहीं करते, जिससे सड़क पर वाहन खड़े होने से जाम की स्थिति बनती है। उन्होंने बताया कि प्रशासन शहर में छत्रसाल चौराहा, हटवारा, पन्ना नाका और शिक्षा विभाग परिसर सहित अन्य स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था विकसित करेगा, ताकि यातायात सुचारु बना रहे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि 15 दिन की समझाइश अवधि समाप्त होने के बाद भी यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। अभियान के दौरान प्रशासन ने सभी नागरिकों से शहर के विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए सहयोग की अपील करते हुए स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का आग्रह किया।
