कटनी: माधवनगर थाना क्षेत्र के इमलिया रोड स्थित पेट्रोल पंप के पीछे आहूजा टाल में लगी भीषण आग को बुझाने के लिए नगर निगम के दमकल अमले की कवायद करीब पांच घंटे से लगातार जारी है। सुबह 6:10 बजे से शुरू हुए इस रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद अब आग की लपटों को फैलने से रोक लिया गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि आग अभी भी शत-प्रतिशत नहीं बुझ सकी है। टाल के भीतर सुलग रही आग को पूरी तरह शांत करने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर लगातार जूझ रही है।
निगमायुक्त तपस्या परिहार की सीधी निगरानी, 20 से अधिक फेरे पूरे
घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार (IAS) स्वयं पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं और पल-पल की स्थिति का अपडेट लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही हैं। निगमायुक्त के निर्देशन में निगम के चारों जोन के दमकल वाहनों को मोर्चे पर लगाया गया है। सहायक फायर प्रभारी शैलेंद्र दुबे के अनुसार, दमकल वाहनों ने अब तक 20 से अधिक फेरे लगाकर पानी की आपूर्ति की है। टाल में रखी सामग्री की वजह से भीतर सुलग रही आग को पूरी तरह बुझाने में समय लग रहा है, जिसके चलते फायर अमला पूरी मुस्तैदी से लगातार पानी की बौछार कर रहा है।
मैदान में डटे निगम के वरिष्ठ अधिकारी
पिछले पांच घंटों से चल रहे इस ऑपरेशन में निगमायुक्त की मॉनिटरिंग के साथ-साथ निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर डटे हुए हैं। उपायुक्त शैलेश गुप्ता, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक और सहायक फायर प्रभारी शैलेंद्र कुमार दुबे घटनास्थल पर मौजूद रहकर दमकल कर्मियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं ताकि आग को पूरी तरह बुझाया जा सके। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और कुल नुकसान का खुलासा होना बाकी है। हालांकि पूर्व में भी दो बार आग लगने की घटना इसी टाल में हो चुकी है।
