
इंदौर. आज सुबह केंद्रीय जल संसाधन विभाग के ज्वाइंट सेक्रेटरी कुणाल ने नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जल संरक्षण और वॉटर रिचार्जिंग कार्यों का निरीक्षण किया. जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत कुणाल ने सबसे पहले सिलिकॉन सिटी क्षेत्र के रिचार्जिंग के कार्यों का अवलोकन किया. तत्पश्चात शहर में स्थित तालाबों की चैनल सफाई, रीजनल पार्क में उपचारित जल आपूर्ति व्यवस्था, नहर भंडारा स्थित 11 एम.एल.डी एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट), वल्लभ नगर में बावड़ी का जीर्णोद्धार , वीरगढ़ी हनुमान बावड़ी, कमला नेहरू बावड़ी, तथा सदर बाजार स्थित बावड़ी का मौका मुआयना किया. निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट सेक्रेटरी कुणाल ने नगर निगम के कार्यों की कि प्रशंसा एवं प्रयासों की सराहना की. साथ ही सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) के तहत वॉटर रिचार्ज सॉफ्ट और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को राष्ट्रीय स्तर पर लागू करने योग्य बताया. उन्होंने कहा कि इंदौर मॉडल अन्य शहरों के लिए लाभकारी बन सकता है.
जागरूक करने चला रहे अभियान
आयुक्त शिवम वर्मा ने केन्द्रीय उच्च अधिकारी को बताया कि इंदौर का लक्ष्य आने वाले वर्षों में शहर के शत प्रतिशत घरों को रेनवॉटर हार्वेस्टिंग प्रणाली से जोड़ने का है. उन्होंने जल संरक्षण को लेकर निगम प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि निरंतर प्रयासरत हैं. जनता को जागरूक करने के लिए विविध माध्यमों से अभियान चलाए जा रहे हैं. इस दौरान अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया एवं निगम के अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे.
