नशे चूर बारातियों का हंगामा, पथराव, मची भगदड़, तीन घायल

जबलपुर: कोतवाली थाना अंतर्गत शिवनगर स्थित कमल बरात घर में शादी समारोह के दौरान जमकर खून-खराबा और हंगामा हो गया। शराब के नशे में धुत तीन बरातियों ने विदाई से ठीक पहले ऐसा उत्पात मचाया कि शादी वाले घर में चीख-पुकार, भगदड़ मच गई। जब वधू पक्ष के लोगों ने हंगामा कर रहे युवकों को बरात घर से बाहर निकाला, तो आरोपियों ने पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में दुल्हन के पिता समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक, मढ़ोताल आरटीओ के सामने शारदा नगर कॉलोनी निवासी ठेकेदार परमलाल उर्फ छुट्टन अहिरवार की बेटी की शादी थी। शादी का मुख्य कार्यक्रम शिवनगर स्थित कमल बरात घर में चल रहा था। बरात चौकी ताल इलाके से आई थी। जयमाला और अन्य रस्में हंसी-खुशी संपन्न हो चुकी थीं, लेकिन इसी बीच तीन हुड़दंगियों ने रंग में भंग डाल दिया। दुल्हन के पिता परमलाल ने बताया कि बरात पक्ष की तरफ से आए तीन लडक़े विन्दी चौधरी, कमल चौधरी और पारस चौधरी शराब के नशे में पूरी तरह धुत थे।

वे बरात घर के अंदर मेहमानों के बीच खड़े होकर हंगामा कर उत्पात मचा रहे थे। जब परमलाल, उनके बेटे साहिल अहिरवार और बड़े भाई राजेश कुमार अहिरवार ने मना किया तो तीनों आरोपी और ज्यादा भडक़ गए। विवाद बढ़ता देख वधू पक्ष के लोगों ने मिलकर तीनों उपद्रवियों को पकडक़र बरात घर के गेट से बाहर कर दिया। बाहर निकलते ही तीनों आरोपी आगबबूला हो गए और उन्होंने सडक़ किनारे पड़े भारी पत्थरों को उठाकर परमलाल के परिवार पर हमला बोल दिया। पथराव में दुल्हन का भाई साहिल अहिरवार लहूलुहान हो गया पिता परमलाल और ताऊ राजेश कुमार अहिरवार को भी चोटें आई। इसके बाद आरोपी भाग गए।

Next Post

मिस्र ने ऑस्ट्रेलिया को पेनल्टी शूटआउट में हराकर इतिहास रचा

Sat Jul 4 , 2026
टेक्सास, 04 जुलाई (वार्ता) मिस्र ने फीफा विश्वकप नॉकआउट मैच राउंड ऑफ 32 के रोमांचक मुकाबले में अतिरिक्त समय में 1-1 से ड्रा रहने के बाद हुए पेनल्टी शूटाउट में ऑस्ट्रेलिया को 4-2 से हराकर इतिहास रच दिया है। एटीएंडटी स्टेडियम में शुक्रवार रात खेले गये मुकाबले में सात बार […]

You May Like