तेहरान/नयी दिल्ली, 03 जुलाई (वार्ता) बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्गेरिटा की सदस्यता वाला आधिकारिक भारतीय प्रतिनिधिमंडल ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई के अंतिम संस्कार समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए आज यहां पहुंचा।
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद और जम्मू-कश्मीर शिया एसोसिएशन के अध्यक्ष इमरान रजा अंसारी भी जनाजे की नमाज के लिए तेहरान में मौजूद हैं।
श्री खामेनेई 28 फरवरी को अमेरिकी-इजरायली मिसाइल हमले में मारे गये थे। युद्ध के कारण महीनों देरी के बाद अब चार से नौ जुलाई तक इस शहर समेत कौम और मशहद में अंतिम संस्कार समारोह आयोजित किये जा रहे हैं, जिसमें लाखों शोककुल लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
श्रीमती महबूबा मुफ्ती और श्री इमरान रजा अंसारी ने फातिहा (प्रार्थना) पढ़ा और दिवंगत ईरानी नेता को पुष्पांजलि अर्पित की। वे अगले चार दिनों में यहां समेत कौम और मशहद में इस शिया आध्यात्मिक नेता के होने वाले भव्य अंतिम संस्कार कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यहां मौजूद होने को सम्मान की बात कही। उन्होंने लिखा, “ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई की शहादत पर अपनी गहरी संवेदना और एकजुटता प्रकट करने के लिए तेहरान आना मेरे लिए सम्मान की बात है। वे एक ऐसे श्रद्धेय नेता थे, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों के खिलाफ खड़े होने का साहस किया और मजलूमों के हक के लिए लड़ाई लड़ी।”
ईरान को उम्मीद है कि इस अंतिम संस्कार के विभिन्न चरणों में लगभग 100 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे, जिससे यह न केवल राष्ट्रीय कार्यक्रम, बल्कि अहम अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति का गवाह बन रहा है।
वरिष्ठ नेता और पूर्व राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव के नेतृत्व में रूसी प्रतिनिधिमंडल अंतिम संस्कार समारोह में भाग लेने के लिए ईरान में मौजूद है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर और उनके प्रतिनिधिमंडल ने यहां ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अली खामेनेई को श्रद्धांजलि अर्पित की। शरीफ ने शोक पुस्तिका पर भी हस्ताक्षर किये।
अर्ध सरकारी ईरानी न्यूज एजेंसी तस्नीम ने ‘एक्स’ पर वीडियो साझा किया है। इसमें बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन भारतीय प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों के साथ ग्रैंड मोसल्ला में जनाजे की नमाज पढ़ते नजर आ रहे हैं। वहीं एक्स पर आये वीडियोज में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद और पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती दिवंगत ईरानी नेता को श्रद्धांजलि देने के लिए तेहरान के इमाम खुमैनी ग्रैंड मोसल्ला पहुंचते दिख रहे हैं।
विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस मुद्दे पर पूछे गये सवाल का जवाब में कहा कि बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्गेरिटा ईरानी सर्वोच्च नेता के अंतिम संस्कार में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए तेहरान में हैं। उन्होंने कहा, “इसके अलावा, मैंने देखा है और आपने भी देखा ही होगा कि कई अन्य लोग भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने वहां गये हैं।”
