मुंबई, 03 जुलाई (वार्ता) मुंबई के उपनगर जोगेश्वरी में शुक्रवार को छह मंजिला इमारत में आग लगने से कम से कम 11 लोग घायल हो गए।
दमकल विभाग के सूत्रों के अनुसार आग आज सुबह 11:34 बजे गोमती वैशाली चॉल, हाजी जुहू रोड, वैशाली नगर, जोगेश्वरी (पश्चिम) में लगी जिस पर आज शाम तक काबू पा लिया गया। आग भूतल पर स्थित कॉमन मीटर केबिन में बिजली की वायरिंग एवं विद्युत संरचना तक ही सीमित रही , हालांकि घना धुंआ तेजी से इमारत के कुछ हिस्सों में फैल गया जिससे कई लोग भीतर फंस गये।
दमकल कर्मियों ने व्यापक बचाव अभियान चलाया और इमारत से कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को कूपर अस्पताल एवं ट्रॉमा अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में सात पुरुष एवं चार महिलाएं शामिल हैं। उनकी हालत स्थिर बतायी जा रही है।
