
भोपाल। राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे में कथित अनियमितताओं के आरोपों को लेकर मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस ने शुक्रवार को राजधानी भोपाल में सद्बुद्धि यज्ञ, भजन-कीर्तन और एक दिवसीय उपवास का आयोजन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बोरासी ने किया, जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेतृत्व को सद्बुद्धि देने की कामना करते हुए प्रदर्शनकारियों ने कथित चंदा घोटाले के दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। नेताओं का कहना था कि करोड़ों रामभक्तों ने श्रद्धा और विश्वास के साथ मंदिर निर्माण के लिए सहयोग दिया था, इसलिए यदि धन के उपयोग में किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई है तो उसकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर दोषियों को जवाबदेह बनाया जाना चाहिए।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि उन्होंने स्वयं भी राम मंदिर निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग दिया था। यदि वित्तीय अनियमितताओं के आरोप प्रमाणित होते हैं तो वे अपने अधिवक्ता के माध्यम से अयोध्या में प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई करेंगे।
जीतू पटवारी ने कहा कि यह मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है और जनविश्वास से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। वहीं रीना बोरासी ने कहा कि भगवान राम करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक हैं, इसलिए चंदे से जुड़े सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होना आवश्यक है।
प्रदर्शन के बाद महिला कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित थाने पहुंचकर चंपत राय के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि निष्पक्ष जांच शुरू होने तक प्रदेशभर में इसी तरह के विरोध कार्यक्रम जारी रहेंगे।
