
सिंगरौली । सीधी-सिंगरौली संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने शुक्रवार को चितरंगी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों का सघन दौरा कर जनसमस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जन चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया, शैक्षणिक संस्थानों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देशित किया। सांसद ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
दौरे की शुरुआत ग्राम खम्हारडीह से हुई, जहां सांसद ने कमला सिंह गुर्जर के निवास पर आयोजित चाय पर चर्चा कार्यक्रम में भाग लेकर ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं से विकास एवं जनहित के मुद्दों पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय का निरीक्षण कर शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। इसके उपरांत सांसद ग्राम पंचायत बहेरी के दीपवा पहुंचे, जहां आयोजित जन चौपाल में ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पेयजल, राजस्व और आवास जैसी समस्याएं रखीं। सांसद ने अधिकारियों को इनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों को मच्छरदानियों का वितरण कर स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की। दौरे के अंतिम चरण में सांसद ने खरखौली पिपरखड़ की बैगा बस्ती, प्राथमिक शाला, ग्राम बीछी के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय एवं आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पोषण और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। सांसद ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल योजनाओं का शुभारंभ नहीं, बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन की निरंतर निगरानी और जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
००००००
