विदिशा: जिले की सिरोंज तहसील के गोपाल नगर स्थित एक सरकारी स्कूल में पढ़ाई के दौरान छत का प्लास्टर गिरने से एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि दो अन्य बच्चों को मामूली चोटें आईं। यह घटना मध्यप्रदेश के सरकारी स्कूलों की जर्जर हालत और बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, विदिशा जिले में 674 स्कूलों की इमारतें जर्जर हैं और 297 स्कूल खंडहर जैसी स्थिति में पहुंच चुके हैं। वहीं, टीकमगढ़ जिले के कई सरकारी स्कूलों में भी बच्चे टपकती छतों और एक ही कमरे में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गोपाल नगर स्कूल की मरम्मत की मांग लंबे समय से की जा रही थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इस हादसे ने एक बार फिर सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति और बच्चों की सुरक्षा को लेकर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर कब सुधरेंगे जर्जर स्कूल और कब बच्चों को सुरक्षित माहौल में पढ़ने का अधिकार मिलेगा
