कीव, रूस ने गुरुवार रात यूक्रेन की राजधानी कीव को मिसाइलों और ड्रोन के जरिए निशाना बनाया, जिसमें 17 लोगों की मौत हो गई और 90 से अधिक लोग घायल हुए हैं। सैन्य प्रशासन के अनुसार, हमले में आवासीय इमारतों और नागरिक बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है। रूस का कहना है कि यह कार्रवाई उसके तेल प्रतिष्ठानों पर हुए यूक्रेनी हमलों का प्रतिशोध है।
यूक्रेन का पलटवार और तबाही
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उन्होंने यूक्रेन के सैन्य उद्योग, ऊर्जा परिसरों और हवाई अड्डों को निशाना बनाया है। वहीं, यूक्रेन के जनरल स्टाफ ने पलटवार करते हुए रूस के निजनी नोवगोरोद स्थित तेल रिफाइनरी और एक रणनीतिक रेलवे पुल पर हमले का दावा किया है। इस संघर्ष में दोनों ओर से बुनियादी ढांचे को बड़े पैमाने पर क्षति पहुंची है, जिससे तनाव और गहरा गया है।
बचाव कार्य और अंतर्राष्ट्रीय अपील
कीव में आवासीय इमारतों को हुए गंभीर नुकसान के बाद राहत और बचाव अभियान जारी है, जिसमें सैकड़ों कर्मी जुटे हुए हैं। यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा ने इस हमले को ‘खौफनाक’ बताया है और सहयोगी देशों से अपनी वायु रक्षा क्षमता को और मजबूत करने के लिए तत्काल मिसाइलें और प्रणालियां उपलब्ध कराने की पुरजोर अपील की है।

