सीहोर। शहर के प्रसिद्ध मठ मंदिर में दानपेटी तोड़कर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने मठ समिति के सदस्यों के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी से चोरी गई करीब सवा लाख रुपये मूल्य की पूरी सामग्री बरामद कर ली है.
पूछताछ में आरोपी ने सीहोर के करौली माता मंदिर तथा आष्टा के माता मंदिर में भी चोरी की वारदात करना स्वीकार किया है.
पुलिस के अनुसार 30 जून को मठ मानस समिति के सदस्य सीताराम यादव ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मंदिर का मुख्य गेट और दानपेटी का ताला टूटा हुआ मिला तथा उसमें रखी दानराशि चोरी हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
मामले की गंभीरता को देखते हुपुलिस ने मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा सघन तलाश के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने करौली माता मंदिर एवं आष्टा के माता मंदिर में भी चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया. पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी भैरूंदा थाने में चोरी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है. अन्य वारदातों के संबंध में थाना पुलिस को भी सूचना भेज दी गई है.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 20 वर्षीय राज उर्फ राजू पिता नान सिंह बारेला, निवासी बसंतपुर टांडी, थाना भैरूंदा के रूप में हुई है. इस मामले को काफी हद तक सुलझाने में मठ मंदिर मानस समिति के सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही है. पुलिस ने भी उनके सहयोग की सराहना की है.
