सिंहस्थ के लिए रेलवे का बड़ा प्लान

इंदौर: पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पांडेय ने दो दिवसीय रतलाम मंडल प्रवास के दौरान डॉ. अंबेडकर नगर-ओंकारेश्वर गेज परिवर्तन परियोजना, इंदौर–दाहोद नई रेल लाइन, निर्माणाधीन सुरंग और नर्मदा नदी पर बन रहे रेल पुल का निरीक्षण किया. उन्होंने सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता, सुरक्षा और तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए. इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, सांसद शंकर लालवानी और विधायक नीना विक्रम वर्मा भी मौजूद रहीं.

महाप्रबंधक ने कहा कि शास्त्री ब्रिज का निर्माण सिंहस्थ के बाद शुरू होगा, क्योंकि करीब ढाई वर्ष की इस परियोजना को मेले से पहले पूरा करना संभव नहीं है. सिंहस्थ के दौरान यातायात प्रभावित न हो, इसलिए फिलहाल स्टेशन पुनर्विकास और यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी. इंदौर स्टेशन पर जितने जरूरी कार्य संभव हैं, वे मेले से पहले पूरे किए जाएंगे. साथ ही पार्सल ऑफिस भवन को अस्थायी रूप से यात्रियों की सुविधा के लिए विकसित किया जाएग.

सितंबर तक टनल पूरी करने का लक्ष्य
इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन की लगभग तीन किलोमीटर लंबी सुरंग का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने बताया कि 15 जुलाई तक सुरंग का सिविल कार्य पूरा होने की उम्मीद है. लगभग 3000 मीटर ट्रैक में से 1260 मीटर बिछाया जा चुका है और ठेकेदार ने सितंबर तक पूरा कार्य समाप्त करने का लिखित आश्वासन दिया है. रेलवे इस परियोजना का उद्घाटन सितंबर में कराने की तैयारी में है.

ओंकारेश्वर रेलखंड और नर्मदा रेल पुल का निरीक्षण
महाप्रबंधक ने डॉ. अंबेडकर नगर-ओंकारेश्वर गेज परिवर्तन कार्य के तहत ओंकारेश्वर रोड स्टेशन के नए भवन, प्लेटफॉर्म, विद्युतीकरण और सिग्नलिंग कार्य का निरीक्षण किया. इसके बाद नर्मदा नदी पर बन रहे रेल पुल की प्रगति की भी समीक्षा की.

इंदौर स्टेशन उपेक्षित नहीं, जल्द चलेगी डेमू
मीडिया से चर्चा में महाप्रबंधक ने कहा कि इंदौर स्टेशन रतलाम मंडल का प्रमुख स्टेशन है और इसके विकास में कोई कमी नहीं रखी जाएगी. उन्होंने बताया कि इंदौर में जल्द ही डेमू ट्रेन शुरू करने की दिशा में भी काम चल रहा है. सिंहस्थ को देखते हुए उज्जैन सहित आसपास के सभी प्रमुख स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के कार्य भी तेजी से पूरे किए जाएंगे.

सांसद ने रखीं ये मांगें
सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि सिंहस्थ से पहले इंदौर स्टेशन के अधिकतम कार्य पूरे किए जाएंगे. लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन का निर्माण शीघ्र पूरा होगा, प्लेटफॉर्म 5 और 6 पर 20 यात्रियों की क्षमता वाली नई लिफ्ट लगाई जाएगी. मालगोदाम को दूसरी जगह स्थानांतरित करने के लिए सर्वे कराया जाएगा तथा पत्थर गोदाम क्षेत्र में पिट लाइन और प्लेटफॉर्म निर्माण के प्रस्ताव पर भी सकारात्मक चर्चा हुई.

दौरे के समापन पर महाप्रबंधक ने कहा कि पश्चिम रेलवे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और सभी विकास परियोजनाओं को तय समय-सीमा में पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है. इस दौरे से स्पष्ट संकेत मिला कि सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने अपनी विकास प्राथमिकताओं को नया स्वरूप दिया है. यात्री सुविधाओं और स्टेशन विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि लंबी अवधि वाली परियोजनाएं सिंहस्थ के बाद शुरू की जाएंगी.

Next Post

विधायक गंगा उइके ने CM डॉ यादव से की मुलाकात; चिचोली ब्लॉक की 6 सड़कों को जल्द स्वीकृति देने की मांग

Fri Jul 3 , 2026
चिचोली। तहसील अंतर्गत विकास खंड चिचोली के ग्रामीणों को सीधे और सुचारू आवागमन में हों रही परेशानियों कों दृष्टिगत रखते हुए क्षेत्रिय विधायक श्रीमती गंगा सज्जनसिंह उइके ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डाक्टर मोहन यादव कों पत्र लिखकर चिचोली ब्लाक की छै: सड़कों कों शीघ्र ही स्वीकृति दिलवाने की मांग की […]

You May Like