आईपीएम में इंदौर का दम 28 हजार अभ्यर्थि हुए शामिल

इंदौर: भारतीय प्रबंधन संस्थान आईआईएम इंदौर के पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड प्रोग्राम इन मैनेजमेंट आईपीएम के अंतिम परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिए गए. देशभर के लगभग 28 हजार अभ्यर्थियों के बीच हुई प्रतिस्पर्धा में इंदौर के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। शहर के आरव माले ने ऑल इंडिया रैंक एआईआर-2 हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया, जबकि इंदौर के कुल छह विद्यार्थियों का चयन इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के लिए हुआ है.

आईपीमैट परीक्षा 4 मई को आयोजित की गई थी. लिखित परीक्षा के आधार पर केवल 830 अभ्यर्थियों को पर्सनल इंटरव्यू के लिए आमंत्रित किया गया. 22 से 25 जून के बीच इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम रूप से 150 विद्यार्थियों का चयन किया गया. इंदौर से चयनित विद्यार्थियों में आरव माले, अकमल बंगलेवाला, देवांश अग्रवाल, दिव्य लुणावत, अथर्व हार्डिया और मान गोयल शामिल हैं.

11वीं से बनाई रणनीति, पहले प्रयास में मिली सफलता
देश में दूसरा स्थान हासिल करने वाले आरव माले ने बताया कि उन्होंने 11वीं कक्षा से ही आईपीमैट की तैयारी शुरू कर दी थी. शुरुआती एक वर्ष उन्होंने केवल बुनियादी अवधारणाओं को मजबूत करने पर ध्यान दिया. इसके बाद 12वीं कक्षा में नियमित अभ्यास, मॉक टेस्ट और समयबद्ध तैयारी को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया. इसी निरंतरता का परिणाम रहा कि पहले ही प्रयास में उन्हें आईआईएम इंदौर में प्रवेश मिल गया. आरव ने बताया कि उनकी रुचि भविष्य में फाइनेंस, मैनेजमेंट कंसल्टिंग और इन्वेस्टमेंट बैंकिंग जैसे क्षेत्रों में करियर बनाने की है. उनका मानना है कि इन क्षेत्रों में टीम के साथ काम करने और बड़े स्तर पर निर्णय लेने के पर्याप्त अवसर मिलते हैं.

अंतिम चयन में परीक्षा और इंटरव्यू दोनों की अहम भूमिका
आईपीमैट विशेषज्ञ अजय बंसल ने बताया कि चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होती है. पहले चरण में लिखित परीक्षा के माध्यम से मंटिटेटिव एबिलिटी और वर्बल एबिलिटी का मूल्यांकन किया जाता है, जबकि दूसरे चरण में पर्सनल इंटरव्यू के जरिए शैक्षणिक प्रदर्शन, विषयों की समझ, सामान्य ज्ञान और व्यक्तित्व का आकलन किया जाता है. उन्होंने बताया कि अंतिम मेरिट तैयार करने में लिखित एप्टीट्यूड टेस्ट को 65 प्रतिशत और पर्सनल इंटरव्यू को 35 प्रतिशत वेटेज दिया जाता है. इसलिए केवल परीक्षा में अच्छे अंक पर्याप्त नहीं होते, बल्कि इंटरव्यू में प्रभावी प्रदर्शन भी सफलता के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण होता है.

Next Post

पाकिस्तान के प्रमुख कोच का बड़ा बयान: भारत सिर्फ सर्वश्रेष्ठ टीम ही नहीं, बल्कि…

Fri Jul 3 , 2026
पकिस्तान के व्हाइट-बॉल मुख्य कोच माइक हेसन ने अपना बयान देते हुए स्वीकार किया है कि मौजूदा समय मे भारतीय क्रिकेट टीम दुनिया की सबसे बेहतरीन टीम है। साल 2025 में पाकिस्तान की सीमित ओवरों (व्हाइट-बॉल) टीम के मुख्य कोच माइक हेसन का मानना है कि भारतीय क्रिकेट टीम दुनिया […]

You May Like