नयी दिल्ली, 02 जुलाई (वार्ता) भारत की सबसे बड़ी वैश्विक वस्त्र प्रदर्शनी एवं सम्मेलन – भारत टेक्स 2026 14 से 17 जुलाई 2026 तक राजधानी के भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा जिसमें 20 से अधिक देशों से वस्त्र उद्योग के प्रतिनिधि, विशेषज्ञ एवं नीति निर्माता भाग लेंगें।
केंद्रीय कपड़ा मंत्रालय ने गुरुवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि उसके सहयोग से भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में भारत के वस्त्र उद्योग की व्यापकता और विविधता को एकीकृत वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा। भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन विभिन्न कपड़ा निर्यात संवर्धन परिषदों तथा उद्योग संगठनों का एक संयुक्त मंच है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि भारत टेक्स 2026 भारत की वस्त्र, फैशन, स्थिरता (सस्टेनेबिलिटी), प्रौद्योगिकी, नवाचार, निवेश तथा अंतरराष्ट्रीय व्यापार में बढ़ती वैश्विक नेतृत्व क्षमता को प्रदर्शित करेगा।
कपड़ा क्षेत्र के बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी 5एफ विज़न (फार्म से फाइबर, फैक्ट्री, फैशन और फारेन (विदेशी बाजार) तक की कड़ियों को मजबूत करने की सोच) से प्रेरित, भारत टेक्स 2026 आज वस्त्र मूल्य श्रृंखला के लिए व्यवसाय, निवेश, वैश्विक सोर्सिंग, नवाचार, नीतिगत संवाद तथा रणनीतिक साझेदारियों का एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मंच बन चुका है।
मंत्रालय का अनुमान है कि भारत टेक्स के इस तीसरे संस्करण में 7,000 से अधिक खरीदार 1.30 लाख व्यवसायी आगंतुक , 20,000 से अधिक वस्त्र उत्पादों तथा 16 लाख वर्ग फुट में फैले विशाल प्रदर्शनी क्षेत्र की भागीदारी होने की उम्मीद है। यह आयोजन उद्योग जगत के लिए सार्थक व्यावसायिक सहभागिता और व्यापारिक अवसरों का सृजन करेगा।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस आयोजन में 20 से अधिक देशों के 350 से अधिक वक्ता, जिनमें अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ, राष्ट्रीय उद्योग जगत के अग्रणी, सीएक्सओ, नीति-निर्माता और विचार नेतृत्वकर्ता शामिल हैं, अपने विचार साझा करेंगे।
वैश्विक भागीदारी को और सुदृढ़ करने तथा संरचित अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक समर्पित इंटरनेशनल पवेलियन भी स्थापित किया जाएगा। संयुक्त राज्य अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, जर्मनी, स्पेन, इटली, नीदरलैंड, बेल्जियम, कनाडा, पुर्तगाल, फ्रांस, स्विट्ज़रलैंड, दक्षिण कोरिया, थाईलैंड, श्रीलंका, हांगकांग, स्वीडन, केन्या, बांग्लादेश, वियतनाम, मिस्र और इंडोनेशिया सहित अनेक देशों के विशेषज्ञ इस आयोजन में सहभागिता करेंगे।
इस संस्करण में राज्यों की अभूतपूर्व भागीदारी देखने को मिल रही है। मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक तथा तमिलनाडु आठ प्रायोजक राज्य के रूप में भाग ले रहे हैं। इसके अतिरिक्त आंध्र प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, मणिपुर, राजस्थान तथा पश्चिम बंगाल सहित नौ राज्य एवं केंद्रशासित प्रदेश प्रदर्शक के रूप में भागीदारी कर रहे हैं। इन राज्यों के मंडप भारत के विविध वस्त्र क्लस्टरों, निवेश संभावनाओं, विनिर्माण क्षमताओं, औद्योगिक अवसंरचना तथा नीतिगत एवं नियामकीय सहयोग को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करेंगे।
प्रदर्शनी के अंतर्गत भारत टेक्स 2026, भारत की संपूर्ण वस्त्र मूल्य श्रृंखला का व्यापक प्रदर्शन करेगा। 1,600 से अधिक प्रदर्शक फाइबर, यार्न, फैब्रिक, परिधान एवं फैशन, होम टेक्सटाइल्स, टेक्निकल टेक्सटाइल्स तथा सहायक उद्योगों से संबंधित समर्पित प्रदर्शनी हॉलों में अपनी नवीनतम उत्पाद एवं तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे।
प्रदर्शनी का एक अन्य प्रमुख आकर्षण तिरुपुर, इचलकरंजी, अहमदाबाद सहित भारत के प्रमुख वस्त्र क्लस्टरों का विशेष प्रदर्शन होगा। इस संस्करण में 14 देशों के अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शक भाग ले रहे हैं, जिनमें संयुक्त राज्य अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, जापान, पुर्तगाल, स्पेन, न्यूज़ीलैंड, दक्षिण कोरिया, दक्षिण अफ्रीका और नेपाल प्रमुख हैं। इसके संयुक्त राष्ट्र एवं यूरोपीय संघ जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं की भागीदारी के साथ-साथ ट्राइडेंट, वर्धमान टेक्सटाइल्स, शाही एक्सपोर्ट्स, कलरजेट, अरविंद,पीडीएस लिमिटेड तथा सत्त्वा जैसे अग्रणी उद्योग समूहों का सहयोग भारत टेक्स को भारत के सबसे बड़े वैश्विक वस्त्र मेले के रूप में और अधिक सशक्त बनाता है।
इसके अतिरिक्त, भारत टेक्स 2026 का तीसरा संस्करण 100 से अधिक सूचनापरक चर्चा के सत्रों का आयोजन करेगा, जो पिछले संस्करण की तुलना में उल्लेखनीय विस्तार को दर्शाता है। इनमें 39 पैनल चर्चाएँ, 16 राउंडटेबल बैठकें, 37 मास्टरक्लास, 8 राज्य-विशेष सत्र तथा अन्य विशिष्ट प्रारूप शामिल हैं। इस ज्ञान कार्यक्रम के संचालन हेतु 50 से अधिक साझेदार संस्थाओं को जोड़ा गया है। इन सत्रों में व्यापार एवं निवेश, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार, सतत विकास एवं सर्कुलरिटी, फैशन एवं हस्तशिल्प, नीतिगत विषयों तथा राज्य-विशेष सत्रों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा।
भारत टेक्स 2026 के दौरान लगभग 3,500 क्यूरेटेड बी2बी बैठकें, 100 से अधिक बी2जी बैठकें तथा व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, सतत विकास, बाजार पहुँच एवं संस्थागत सहयोग से जुड़े 20 से अधिक समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।
इस संस्करण की एक अन्य महत्वपूर्ण विशेषता राज्य निवेशक संपर्क सत्र हैं। इन सत्रों के माध्यम से विभिन्न राज्यों को अपनी निवेश संभावनाओं, औद्योगिक अवसंरचना, पीएम मित्र परियोजनाओं से जुड़ाव, नीतिगत सहयोग तथा क्षेत्रीय औद्योगिक क्षमताओं को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। गुजरात, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, पंजाब, बिहार, महाराष्ट्र, तेलंगाना और तमिलनाडु के लिए विशेष राज्य सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही गुजरात एवं उत्तर प्रदेश पीएम मित्र मास्टर डेवलपर सत्र भी आयोजित होंगे। इन पहलों से केंद्र–राज्य–उद्योग सहयोग को और अधिक मजबूती मिलेगी, निवेश आकर्षित होगा तथा वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी वस्त्र विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र के विकास को गति मिलेगी।
भारत टेक्स 2026 में सीआईटीआई टेक्सटाइल सस्टेनेबिलिटी अवार्ड्स 2026 का भी आयोजन किया जाएगा। डिजिटल सुविधा को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से हाल ही में भारत टेक्स 2026 मोबाइल ऐप लॉन्च किया गया है, जो प्रदर्शकों, खरीदारों, प्रतिनिधियों, वक्ताओं और आगंतुकों के लिए एक एकीकृत डिजिटल सहयोगी के रूप में कार्य करेगा। यह ऐप आयोजन में सहज नेविगेशन, प्रदर्शकों की जानकारी, बी2बी बैठकों का निर्धारण, डिजिटल बैज, क्यूआर आधारित लीड कैप्चर, लाइव एजेंडा तथा एआई-संचालित सहायता जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराता है।
