ज्वेलरी शॉप से दिनदहाड़े सोने के आभूषण उड़ाने वाला बदमाश गिरफ्तार

इंदौर. कनाड़िया पुलिस ने दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में खरीदारी के बहाने चोरी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने दुकान से एक सोने की चेन और दो सोने की अंगूठियां चोरी कर फरार होने की वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए सोने के आभूषण और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली है.

घटना सोमवार 22 जून की शाम करीब पांच बजे वैभव नगर स्थित चंद्रिका ज्वेलर्स पर एक युवक बिना नंबर की शाइन मोटरसाइकिल से पहुंचा. उसने चेहरे पर काला मास्क और सिर पर लाल रंग की टोपी पहन रखी थी. दुकान में पहुंचकर उसने ज्वेलरी खरीदने की बात कही और दुकानदार से आभूषण दिखाने को कहा. दुकानदार जब उसे ज्वेलरी दिखाने में व्यस्त था, तभी आरोपी मौका पाकर एक सोने की चेन और दो सोने की अंगूठियां उठाकर बाइक से फरार हो गया था. घटना के बाद कनाड़िया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. फुटेज में आरोपी मास्क और टोपी पहनकर बिना नंबर की बाइक से आते और वारदात के बाद भागते हुए दिखाई दिया. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की.

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मुन्ना बारिया उम्र 25 साल निवासी ग्राम बोराली, जिला बड़वानी, हाल मुकाम कनाड़िया को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने चोरी की वारदात करना स्वीकार कर लिया. आरोपी ने बताया कि उसने अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए इस घटना को अंजाम दिया था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई एक सोने की चेन, दो सोने की अंगूठियां और वारदात में उपयोग शाइन मोटरसाइकिल बरामद कर ली है. आरोपी से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है. मामले की जांच जारी है. मामले में थाना प्रभारी सहर्ष यादव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है.

Next Post

स्टार्ट नहीं हुई बाइक तो मालिक ने ही लगा दी आग

Thu Jul 2 , 2026
इंदौर. मालवा मिल क्षेत्र में शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपनी ही बाइक स्टार्ट नहीं होने पर गुस्से में उसे लाइटर से आग लगा दी. सड़क पर धू-धूकर जलती बाइक से कुछ देर के लिए अफरा तफरी मच गई. गनीमत रही कि स्थानीय लोगों और पुलिस ने […]

You May Like