एवरेस्ट और ल्होत्से फतह करने वाले ITBP, BSF व NSG के दलों का सम्मान, नित्यानन्द राय बोले यह राष्ट्रसेवा और अनुशासन का प्रतीक

नई दिल्ली। गृह राज्य मंत्री नित्यानन्द राय ने नई दिल्ली में आयोजित फ्लैग-इन समारोह में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP), सीमा सुरक्षा बल (BSF) और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) के माउंट एवरेस्ट अभियान-2026 तथा BSF के माउंट ल्होत्से अभियान-2026 के सफल पर्वतारोहण दलों का अभिनंदन किया। इस अवसर पर उन्होंने ITBP और NSG के नए भवनों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। समारोह में गृह सचिव गोविंद मोहन, IB के निदेशक महेश दीक्षित, ITBP के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर, BSF के महानिदेशक प्रवीण कुमार, NSG के महानिदेशक बी. श्रीनिवासन सहित तीनों बलों के वरिष्ठ अधिकारी और अभियान दलों के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में तीनों बलों ने अपने पर्वतारोहण अभियानों की प्रस्तुति दी और अभियान दलों के नेताओं ने गृह राज्य मंत्री को अभियान ध्वज भेंट किया।

अपने संबोधन में नित्यानन्द राय ने कहा कि विश्व की सर्वोच्च चोटियों पर तिरंगा फहराना केवल साहसिक उपलब्धि नहीं, बल्कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के अनुशासन, उत्कृष्ट प्रशिक्षण, पेशेवर दक्षता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि किसी भी पर्वतारोहण अभियान की सबसे बड़ी सफलता पूरी टीम का सुरक्षित लौटना होती है। उन्होंने कहा कि सीमाओं की सुरक्षा, आतंकवाद और नक्सलवाद के विरुद्ध अभियानों तथा आपदा राहत कार्यों में जिन क्षमताओं की आवश्यकता होती है, वही गुण पर्वतारोहण अभियानों में भी दिखाई देते हैं। इसलिए ये उपलब्धियाँ बलों की परिचालन क्षमता और प्रशिक्षण संस्कृति का प्रमाण हैं।

गृह राज्य मंत्री ने ITBP और BSF के पहले सर्व-महिला माउंट एवरेस्ट अभियानों, BSF के पहले माउंट ल्होत्से अभियान तथा NSG के पहले सफल एवरेस्ट अभियान को ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए महिला पर्वतारोहियों की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि इन सफलताओं ने वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा को नई ऊँचाई दी है। राय ने अभियान से जुड़े प्रशिक्षकों, चिकित्सकों, मौसम विशेषज्ञों, संचार एवं लॉजिस्टिक टीमों के योगदान की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के आधुनिकीकरण और जवानों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने हिमालय संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश देने वाले अभियान दलों की सराहना करते हुए युवाओं से इन अभियानों से अनुशासन, टीमवर्क और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

.....

Next Post

पुरानी दिल्ली 6 टीम में ऋषभ पंत की जगह ललित यादव शामिल

Thu Jul 2 , 2026
नयी दिल्ली, 02 जुलाई (वार्ता) पुरानी दिल्ली 6 ने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) के तीसरे सीज़न के लिए प्लेयर ऑक्शन पूरा कर लिया है, और एक बैलेंस्ड टीम बनाई है जिसमें अनुभवी खिलाड़ियों के साथ रोमांचक युवा टैलेंट भी शामिल हैं, क्योंकि फ्रेंचाइजी आने वाले कैंपेन के लिए तैयार है। […]

You May Like