बिहार की समृद्धि से ही देश की उन्नति का मार्ग प्रशस्त होगा : सम्राट चौधरी

पटना, 01 जुलाई (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को कहा कि बिहार की समृद्धि से ही देश की उन्नति का मार्ग प्रशस्त होगा। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने भारतीय स्टेट बैंक के 71वें बैंक दिवस समारोह को संबोधित करते हुए बैंक क्रेडिट-डिपॉजिट (सीडी) रेशियो बढ़ाकर 100 प्रतिशत करने का प्रयास करने को कहा।उन्होंने कहा कि सरकार बैंकों द्वारा दिए गए ऋण के भुगतान को सुनिश्चित करेगी।

श्री चौधरी ने कहा कि 14 करोड़ बिहारवासियों के विकास के बिना देश का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि अगले 20 वर्षों में बिहार अपने गौरवशाली इतिहास को पुनः प्राप्त करेगा।उन्होंने बैंकरों से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में उद्योगों का व्यापक विस्तार किया जाना है और इसमें बैंकिंग क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में बिहार के एक करोड़ 87 लाख लोगों को विभिन्न क्षेत्रों में प्रत्यक्ष रोजगार से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि भारत बैंकिंग सेवाओं के डिजिटलीकरण में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल है और यूपीआई के माध्यम से सबसे अधिक डिजिटल लेनदेन हो रहे हैं। जन-धन योजना के माध्यम से गरीबों की बैंकिंग सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित हुई है।

उन्होंने कहा कि मुंगेर से भागलपुर तक 83 किलोमीटर तथा दीघा से कोईलवर तक 39 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव का निर्माण सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर अगले तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य है। साथ ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में 12 टाउनशिप विकसित की जा रही हैं, जिनमें लगभग एक लाख करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष निवेश होगा।

समारोह में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पटना सर्किल के मुख्य महाप्रबंधक अनुराग जोशी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में विधायक मैथिली ठाकुर, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा तथा बैंक के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

 

 

 

Next Post

ट्रंप ने दोबारा पद संभालने के पहले ही साल में क्रिप्टो उपक्रमों से 1.4 अरब डॉलर से अधिक कमाये

Wed Jul 1 , 2026
वॉशिंगटन, 01 जुलाई (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दोबारा पद संभालने के पहले ही वर्ष में विभिन्न क्रिप्टोकरेंसी होल्डिंग्स, रॉयल्टी भुगतान और संपत्ति निवेश के जरिए कुल 1.4 अरब डॉलर (करीब133 अरब रुपये) से अधिक की कमाई की है। मंगलवार को जारी उनके नवीनतम 2025 के वित्तीय ब्योरे […]

You May Like