
सागर। सागर जिले के सानौधा थाना क्षेत्र से 03 वर्ष से फरार हत्या के प्रयास एवं आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण के इनामी आरोपी को राहतगढ़ पुलिस ने दमन-दीव से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी नारायण उर्फ बब्लू पिता स्वर्गीय कुंदन कुर्मी, निवासी ग्राम गिरवर, थाना सानौधा, जिला सागर है।आरोपी के विरुद्ध थाना सानौधा में धारा 307 भारतीय दण्ड संहिता (हत्या का प्रयास) सहित अन्य धाराओं के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध है। आरोपी द्वारा अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया था। इसके अतिरिक्त थाना राहतगढ़ में धारा 306 भारतीय दण्ड संहिता सहित अन्य धाराओं के अंतर्गत प्रकरण दर्ज है। आरोपी द्वारा पत्नी को लगातार शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के कारण उसने आत्महत्या कर ली थी, जिसके संबंध में आरोपी के विरुद्ध आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का मामला दर्ज किया गया था।घटना के बाद से फरार आरोपी की राहतगढ़ पुलिस द्वारा लगातार तकनीकी एवं भौतिक स्तर पर उसकी तलाश की जा रही थी। वैज्ञानिक साक्ष्यों की सहायता से आरोपी की लोकेशन दमन-दीव में प्राप्त होने पर पुलिस की विशेष टीम तत्काल रवाना की गई। टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी को विधिसम्मत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की।
