
दमोह. वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) ईश्वर जरांडे व एसडीओ दमोह एम.डी. मानिकपुरी के निर्देशन में वन विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की है. वन परिक्षेत्र दमोह के अंतर्गत घाट पिपरिया बीट (कक्ष क्रमांक आर.एफ. 95, ग्राम मुहली) में मानसून गश्ती के दौरान वन भूमि को तोड़कर अवैध रूप से जुताई करते हुए एक सोनालिका ट्रैक्टर (डीआई-60 सिकंदर) सहित कल्टीवेटर और लेवलर ब्लेड को मौके से ज़ब्त किया गया है.
मामले में वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण के आरोप में बृजेश यादव पिता कमलेश यादव व उत्तम गौंड पिता शिवराज गौंड (दोनों निवासी: ग्राम मुहली) को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है.
यह कार्रवाई वन परिक्षेत्र अधिकारी दमोह विक्रम चौधरी के नेतृत्व में परिक्षेत्र सहायक देवेंद्र शुक्ला, प्रमोद रावत, वन रक्षक राहुल गौंड, अमान सिंह ठाकुर और पंकज पटेल द्वारा की गई.आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
