
दमोह। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस) के निर्देशन में जिले भर में साइबर सुरक्षा अभियान ‘सेल्फ क्लिक 2.0’ चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस द्वारा जगह-जगह लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम दांगी ने स्टाफ के साथ शासकीय हाई स्कूल हिरदेपुर में छात्र-छात्राओं और शिक्षकगणों को साइबर सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। चौकी प्रभारी ने ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया सुरक्षा, ओटीपी फ्रॉड और फर्जी लिंक से बचाव के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी अनजान कॉल, मैसेज या लिंक पर क्लिक न करने और सतर्क रहने की अपील की।
