इंदौर:खुड़ैल क्षेत्र के ग्राम शिवनी में रहने वाले 45 वर्षीय प्रॉपर्टी कारोबारी बहादुर सिंह पिता अतरसिंह परिहार ने कर्ज से परेशान होकर सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली. मंगलवार शाम उनका शव पिपलादा स्थित हनुमान मंदिर के पीछे कुएं के पास मिला. पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उन्होंने अपनी मौत के लिए केवल बढ़ते कर्ज को जिम्मेदार बताया है.
खुड़ैल थाना प्रभारी कन्हैय सिंह शेखावत ने बताया कि बहादुर सिंह मंगलवार सुबह करीब पांच बजे घर से निकले थे. सुबह करीब 11.30 बजे उन्होंने दोस्तों को मैसेज भेजकर लिखा कि वह कर्ज नहीं चुका पा रहे हैं और जीवन समाप्त करने जा रहे हैं. इसके बाद दोस्तों ने उन्हें फोन कर तलाश शुरू की, लेकिन शाम को उनका शव मिला. सुसाइड नोट में उन्होंने लिखा कि वह अपनी मर्जी से यह कदम उठा रहे हैं, परिवार को परेशान नहीं किया जाए. उन्होंने यह भी लिखा कि पूरे लेन देन और हिसाब किताब का विवरण डायरी में दर्ज है, जो परिवार को मिल जाएगा. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उन्होंने जमीनों में निवेश के लिए कर्ज लिया था, लेकिन बाजार में अपेक्षित तेजी नहीं आने से आर्थिक दबाव लगातार बढ़ता गया. सुसाइड नोट और अन्य दस्तावेजों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है
