रीवा:केंद्रीय जेल रीवा में माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार गठित बोर्ड ऑफ विजिटर्स के सदस्यों ने गत दिवस जेल का औचक निरीक्षण किया.
निरीक्षण का उद्देश्य जेल मैनुअल-2016 के तहत बंदियों के साथ किसी भी प्रकार के जातिगत अथवा अन्य प्रकार के भेदभाव तथा जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लेना था. निरीक्षण के दौरान बोर्ड ऑफ विजिटर्स के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रीवा राकेश मोहन प्रधान, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण समीर कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह, अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी, जिला विधिक अधिकारी एवं लीगल एड डिफेंस काउंसिल के उपाध्यक्ष अभय मिश्रा, पैरालीगल वॉलंटियर आनंद पाण्डेय सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे. बोर्ड के सदस्यों ने जेल के सभी बंदी वार्ड, महिला वार्ड, जेल अस्पताल, कार्यशाला, रसोईघर, खाद्यान्न भंडारण कक्ष सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया. इस दौरान बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई तथा जेल की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का भी अवलोकन किया गया. निरीक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की गई. इस अवसर पर जेल अधीक्षक सतीश कुमार उपाध्याय मौजूद रहे.
