जबलपुर: नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते के द्वारा बुधवार को हॉट बाजार विजय नगर, अधारताल, और तहसील के सामने के क्षेत्रों में निगम दल ने सख्ती दिखाते हुए टीन शेड हटाए। इस दौरान मौके से 4 टपरे, 1 हुड और 3 कार जब्त की गईं। इसके अतिरिक्त, कलेक्ट्रेट से हाई कोर्ट और इंद्रा मार्केट तक के क्षेत्रों में अतिक्रमण विभाग और बाजार विभाग द्वारा कर वसूली की सामूहिक कार्यवाही भी की गई। वहीं शहर के यातायात को सुगम बनाने के लिए छोटी लाइन से बंदरिया तिराहा होते हुए रामपुर चौक तक के मार्ग को एक बार फिर से अतिक्रमण मुक्त किया गया।
इन जगहों पर भी हुई कार्रवाई
इस दौरान स्वच्छता और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर धनवंतरी नगर में अवैध पशुपालन के लिए किए गए अतिक्रमण को भी हटाया गया। साथ ही, महानद्दा से मेडिकल कॉलेज होते हुए तिलवारा तक के सभी अतिक्रमणों पर भी सख्ती से कार्रवाई की गई। शहर के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों आई.टी.आई., चुंगी नाका, मालगोदम, और सिविक सेंटर में कार्रवाई को लेकर मुनादी भी की गई, जिसमें नागरिकों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील की गई।
कार्रवाई के दौरान प्रशासन की ओर से एस.डी.एम. पंकज मिश्रा, तहसीलदार संदीप जायसवाल, तथा निगम की ओर से अतिक्रमण दल प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर के विकास और व्यवस्था को बनाए रखने के लिए यह अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
