टीकमगढ़: शहर के ललितपुर मार्ग स्थित ऐतिहासिक गऊघाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रहे इस स्थल की बदहाल स्थिति की जानकारी स्थानीय नागरिकों द्वारा कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय को दिए जाने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफाई अभियान शुरू किया।शासन के निर्देशानुसार 5 से 21 जून तक संचालित स्वच्छता अभियान के अंतर्गत नगर के इस ऐतिहासिक धरोहर स्थल की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से व्यापक सफाई अभियान चलाया गया।
नगर पालिका के सहयोग से आयोजित इस अभियान में कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय स्वयं सफाई कार्य में शामिल हुए और नगर पालिका की टीम के साथ गऊघाट की सफाई की। करीब दो घंटे तक चले अभियान के दौरान जलकुंभी, घास, कीचड़ और कचरे को हटाया गया, जिससे गऊघाट का स्वरूप काफी हद तक निखरकर सामने आया। अभियान में समाजसेवियों और स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष अभिषेक खरे ‘रानू’, सीईओ जिला पंचायत नदीत कुमार धुर्वे, संयुक्त कलेक्टर शैलेंद्र सिंह, डिप्टी कलेक्टर निशांत भूरिया, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी नगर पालिका प्रशासक श्रीमती अंजली शर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह भदौरिया तथा पार्षदगण मौजूद रहे।कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने बताया कि यह ऐतिहासिक स्थल वर्षों से कीचड़ और गंदगी से प्रभावित था। स्वच्छता अभियान के तहत जल स्रोत से घास, जलकुंभी और कचरा हटाकर इसे पुराने स्वरूप में लाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने नगर पालिका सीएमओ को नियमित साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और रंग-रोगन सहित अन्य सौंदर्यीकरण कार्य कराने के निर्देश दिए हैं।उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य गऊघाट को एक आकर्षक और स्वच्छ स्थल के रूप में विकसित करना है, ताकि नागरिक यहां सुकून के पल बिता सकें और गोवंश को भी स्वच्छ जल उपलब्ध हो सके।
