महू में भीषण सड़क हादसा : कार और वैन की टक्कर में चार की मौत, तीन की हालत गंभीर

इंदौर. महू में बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसा इतना भयावह था कि दो कारों की आमने-सामने की टक्कर के बाद वैन में आग लग गई और उसमें सवार दो युवक मौके पर ही जिंदा जल गए. वहीं दो अन्य घायलों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया.

जानकारी के अनुसार दुर्घटना महू के नांदेड़ ब्रिज के पास हुई. एक तेज रफ्तार कार महू की ओर से आ रही थी, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सामने से आ रही गैस किट लगी वैन से जा टकराई. टक्कर के तुरंत बाद वैन में आग लग गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर बैठे लोग बाहर नहीं निकल पाए. आसपास के वाहन चालकों ने किसी तरह घायलों को बाहर निकाला और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी. फायरकर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वैन में सवार मानपुर निवासी पवन सिंव्हल और कमले गुर्जर जलकर मौत के शिकार हो चुके थे. वहीं कार में सवार रवींद्र और उसके साथी की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद बड़गोंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया. हादसे में घायल 17 वर्षीय चेतन, 25 वर्षीय संजय और 25 वर्षीय गोलू को एमवाय अस्पताल भेजा गया है, जहां तीनों को आईसीयू में रखा है. वहीं एएसपी रुपेश द्विवेदी ने बताया कि हादसे की जांच गंभीरता से की जा रही है. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तेज रफ्तार कार डिवाइडर पार करते हुए वैन से टकराई थी. वैन में लगी गैस किट से लगी आग ने हादसे को और भयावह बना दिया. पुलिस ने आसपास के लोगों से बयान लेकर साक्ष्य एकत्रित करना शुरू कर दिया है. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई थी. सड़क पर लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रही. पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और हादसे में शामिल चालकों की जिम्मेदारी तय करने के प्रयास जारी हैं.

Next Post

अकोदिया स्टेशन के पास ट्रेन से कटी महिला

Thu Oct 9 , 2025
शाजापुर।अकोदिया रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार दोपहर एक महिला ट्रेन से कट गई. जनकारी के अनुसार गाड़ी नं. 176006 भगत की कोठी से कछीवाड़ा जा रही ट्रेन जब सुंदरसी गेट के पास से गुजर रही थी. तभी महिला अचानक उसके सामने आ गई और ट्रेन की तरफ दौडऩे लगी, जिससे […]

You May Like