
भोपाल। कांग्रेस समर्थित “छात्रों की गूंज” अभियान की शुरुआत मंगलवार को भोपाल के आंबेडकर पार्क, सेकंड स्टॉप पर श्रद्धांजलि सभा के साथ हुई। कार्यक्रम में नीट यूजी 2026 पेपर लीक विवाद के बाद कथित रूप से जान गंवाने वाले विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत विद्यार्थियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की मांग उठाई।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि परीक्षा पत्र लीक की घटनाएं केवल परीक्षा प्रणाली की विफलता नहीं, बल्कि देश के लाखों युवाओं के सपनों पर गंभीर आघात हैं। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर ही विद्यार्थियों का विश्वास बहाल किया जा सकता है।
एआईसीसी समन्वयक एवं अभियान संयोजक डॉ. अंशुल त्रिवेदी ने कहा कि “छात्रों की गूंज” विद्यार्थियों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि परीक्षा संबंधी लगातार सामने आ रही अनियमितताओं को लेकर छात्रों और अभिभावकों में चिंता है। अभियान के तहत जनसंपर्क, संवाद, पर्चा वितरण और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित कर छात्रों के अधिकारों की रक्षा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में विश्वास बहाल करने के लिए व्यापक सुधार की मांग उठाई जाएगी।
