इंदौर: मानसून की दस्तक के साथ ही इंदौर देहात पुलिस ने हाईवे और पर्यटन स्थलों की सुरक्षा को लेकर व्यापक रणनीति तैयार की है. बारिश के मौसम में बढ़ने वाले सड़क हादसों, हाईवे लूट और प्रतिबंधित क्षेत्रों में होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं. पुलिस दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर वहां अतिरिक्त निगरानी के साथ सुरक्षा इंतजाम मजबूत करेगी.योजना के तहत हाईवे पर नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी और ऐसे ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए जाएंगे, जहां पूर्व में सड़क दुर्घटनाएं या आपराधिक घटनाएं हुई हैं.
इन स्थानों पर तुरंत पुलिस रिस्पांस सुनिश्चित करने के लिए अलग से निगरानी व्यवस्था बनाई जा रही है. वहीं, पहले हुई हाईवे लूट की वारदातों में फरार और सक्रिय आरोपियों की धरपकड़ के लिए भी अभियान चलाया जाएगा. घाट क्षेत्रों में बारिश के दौरान फिसलन और कम दृश्यता के कारण होने वाले हादसों को देखते हुए चेतावनी संकेतक और साइन बोर्ड लगाए जाएंगे. दूसरी ओर, प्रशासन द्वारा प्रतिबंधित घोषित पर्यटन स्थलों पर लोगों की आवाजाही रोकने के लिए इस बार सिर्फ बोर्ड लगाने तक सीमित नहीं रहा जाएगा, बल्कि सादी वर्दी में पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे, ताकि जोखिम उठाने वालों को मौके पर ही रोका जा सके.
मेहंदीकुंड हादसे के बाद हुई ग्रामीण पुलिस अलर्ट
हाल ही में मेहंदीकुंड में प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने के दौरान दो युवकों की डूबने से हुई मौत के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की थी. इसी के बाद मानसून सीजन के लिए यह विशेष कार्ययोजना लागू की गई है, ताकि लापरवाही के कारण होने वाली जनहानि और अपराध दोनों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके. मामले में देहात एसपी राजेंद्र वर्मा ने बताया कि बारिश के मौसम को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को हाईवे पर पेट्रोलिंग बढ़ाने, दुर्घटना और अपराध संभावित ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने, पुराने लूट के आरोपियों की धरपकड़ तेज करने तथा प्रतिबंधित पर्यटन स्थलों पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं.
