जबलपुर: शहर की सडक़ों पर अब महिलाएं सुरक्षित नहीं रह गई हैं। राह चलती महिलाओं को कान कतरू गैंग टारगेट कर रही। बाइक, स्कूटी में बैठकर जा रही महिलाओं को निशाना बनाने वाली गैंग क्रूर और बेखौफ कान कतरू गैंग शहर में सक्रिय है। यह गैंग केवल सोने के गहने नहीं लूट रही, बल्कि महिलाओं की जान से भी सरेआम खिलवाड़ कर रही है। पिछले महज 5 दिनों के भीतर शहर के अलग-अलग इलाकों में ऐसी पांच खौफनाक वारदातें सामने आ चुकी हैं।
टूव्हीलर में सवार ये लुटेरे चलती गाड़ी पर बैठी महिलाओं के कानों से सोने के झुमकें, जेवर इतनी बेरहमी से नोंचते हैं कि महिलाओं के कान के चीथड़े उड़ जाते हैं। इस अचानक लगे झटके के कारण पीडि़त महिलाएं चलती बाइक से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो रही हैं। पुलिस भी एफआईआर दर्ज कर जांच पड़ताल कर रही हैं लेकिन गैंग का अब तक कोई सुराग नहीं लगा रहा है।
अब तक बेबस पुलिस एक भी लुटेरे को नहीं पकड़ पाई हैं। आरोपियों का सुराग लगाने में पुलिस की हाईटेक क्राइम ब्रांच, था ना पुलिस, साइबर सेल और सडक़ों पर घूमने वाली चीता मोबाइल की टीमें नाकाम साबित हो रही हैं। सीसीटीवी कैमरों को खंगालने का दावा भी अब तक बेअसर नजर आ रहा है। ऐसी वारदातें हर दिन होने लगी है मगर पुलिस के पास अपराधियों का न कोई चेहरा है, न कोई सुराग और न ही उनकी वाहन का नंबर है।
खूनी खेल, दहशत में परिवार
इस गैंग के निशाने पर मुख्य रूप से वह महिलाएं हैं जो अपने परिवार के साथ बाइक, स्कूटी पर पीछे बैठी होती हैं। बदमाश पीछे से तेज रफ्तार टूव्हीलर पर आते हैं और पलक झपकते ही कान पर झपट्टा मारकर गहने खींच लेते हैं। बदमाशों की इस बर्बरता के कारण घायल महिलाओं को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। इस खूनी खेल से शहर की महिलाओं और उनके परिवारों में भारी दहशत का माहौल है। अब महिलाएं सडक़ों पर निकलने में भी डरने लगी हैं।
प्रकरण दर्ज, हाथ खाली, गश्त पर उठते सवाल
लगातार हो रही इन वारदातों के बाद पुलिस महकमे में हडक़ंप तो मचा है, लेकिन जमीनी स्तर पर कार्रवाई सिफर नजर आ रही है। पुलिस ने मामलों में अज्ञात लुटेरों के खिलाफ लूट और जान जोखिम में डालने की धाराओं के तहत प्रकरण तो दर्ज कर लिया है, लेकिन अब तक आरोपियों का कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है। न तो लुटेरों की बाइक का नंबर ट्रेस हो पाया है और न ही पुलिस का मुखबिर तंत्र एक्टिव नजर आ रहा है। व्यस्त और मुख्य रास्तों पर हो रही इन वारदातों ने सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। पुलिस की चेकिंग और गश्त केवल कागजों तक सीमित नजर आने लगी है, जिसके चलते अपराधियों के हौसले सातवें आसमान पर हैं।
गैंग के सदस्यों की 25 से 30 वर्ष है उम्र
अब तक हुई वारदातें में यह बात सामने आई कि अधिकांश में लुटेरे मुंह में गमछा बांधकर पहुंचे थे। जिसकी उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच होगी। उनके वाहनों में कोई नंबर प्लेट नहीं थी। यदि पुलिस ने जल्द ही इस क्रूर गैंग को सलाखों के पीछे नहीं भेजा, तो शहर में कोई भी बड़ी अनहोनी हो सकती है।
केस 1
25 जून को सविता चौधरी 38 वर्ष निवासी रांझी 24 जून को पति गणेश चौधरी के साथ बाइक में जा रही थी शाम 5.30 बजे माढ़ोताल थाना क्षेत्र में तीन अज्ञात लडक़े बाइक से आये और बीच में बैठे लडके ने उके दाहिने कान का सोने का झुमका बजनी 3.5 ग्राम कीमती लगभग 50 हजार रुपए का छपटकर खीच लिया जिससे उसका कान फट गया था।
केस 2
24 जून को आरती रजक 28 वर्ष निवासी संजय नगर अधारताल की पति शैलेन्द्र के साथ मोटर सायकल में जा रही थी। शाम लगभग 7-30 बजे अधारताल थाना अंतर्गत महाराजपुर के पास बाइक से दो अज्ञात लडक़े आये और बलपूर्वक उसके कान से उसकी सोने की झुमकी छीनकर भाग गये, झुमकी छीनने से उसका दाहिना कान फट गया।
केस 3
21 जून को रेखा बेन 40 वर्ष निवासी बेलबाग को पनागर थाना अंतर्गत उमरिया चौबे के आगे 2 अज्ञात व्यक्ति बिना नम्बर की स्कूटी से आये लुटेरां ने रास्ता पूछा। स्कूटी में पीछे बैठे व्यक्ति ने झपटा मारते हुये वायें कान की सोने की झुमकी कीमती लगभग 20 हजार रूपये छीनकर भाग गये।
केस 4
बरगी थाने में 26 जून को बृजेश साहू 32 वर्ष निवासी धनवंतरी नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि बाइक में पत्नी दुर्गा साहू, बच्चे यश एंव केशव को बैठाकर जा रहा था। दोपहर 12.15 बजे एनएच 34 रोड पर बिना नंबर की मोटर साईकल में 3 लडके आये एवं पत्नी के बाये कान मे पहनी सोने की झुमकी लूट लिये,। पत्नी की बाये कान की झुमकी खींचते समय पत्नी के बाये कान में चोट आई थी।
केस 5
27 जून को पनागर थाना अंतर्गत प्रेम सिटी कॉलोनी गेट के सामने शाम 6:45 बजे बाइक सवार दो शातिर बदमाशों ने अधारताल निवासी 63 वर्षीय ममता बर्मन को अपना निशाना बनाया। चलती गाड़ी से महिला के कान की सोने की झुमकी झपट ली। महिला का कान गंभीर रूप से फट गया और वे लहूलुहान हो गईं
