
भोपाल। कोलार पुलिस ने बच्चों से भरी स्कूल वैन के चालक पर हमला करने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है. वैन चालक से जमीन विवाद के मामले को लेकर बदमाशों ने रास्ता रोककर उस तलवार और चाकू से हमला किया. इस दौरान चालक के साथ वैन कई स्कूली बच्चे भी थे. बदमाशों के मारपीट से बच्चे दहशत में आ गए. कोलार पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई की.
जानकारी के मुताबिक ओम नगर में वैन चालक अयाज़ खान पर तीन बदमाशों ने हमला कर दिया. अयाज बैरागढ़ चीचली में रहता है. बदमाशों से एक जमीन को लेकर उनका विवाद चल रहा था. शनिवार को अयाज, जब स्कूल के बच्चों को लेकर वैन से निकला. तभी ओमनगर में पहले से ही घात लगाए बदमाशों ने वैन रूकवाकर उस पर हमला कर दिया. बदमाशों के पास धारदार हथियार होने से बच्चे भी सहम गए और सड़क पर चीख-पुकार मच गई. मामले की सूचना तुरंत ही पुलिस को दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचक आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. घायल अयाज को तुरंत ही अस्पताल भेजा गया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
