इंदौर: खजराना थाना क्षेत्र में कथित पत्रकारिता की धौंस और गुंडागर्दी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. तंजीम नगर गोश्त मार्केट की एक गली में मोबाइल पर तेज आवाज में बात करने जैसी मामूली बात पर एक कथित पत्रकार का गुस्सा इस कदर भड़का कि उसने युवक पर चाकुओं से जानलेवा हमला कर दिया. हमलावर ने युवक के पेट, पैर और चेहरे पर ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी का जुलूस भी निकाला.
घटना गुरुवार 25 जून की दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे की है. फरियादी अकरम खान (ठेकेदार) अपने ममेरे भाई शाहनवाज उर्फ शानू और आसिम खान के साथ बाजार की गली में खड़े होकर बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान वहां मौजूद कथित पत्रकार आरिफ बरकाती ने शाहनवाज को फोन पर जोर-जोर से बात करने से मना किया. जब शाहनवाज ने इसका प्रतिवाद किया, तो आरोपी आरिफ ने अपनी धौंस दिखाते हुए पहले गालीगलौज की और फिर तैश में आकर पास ही स्थित अपने घर के भीतर से एक धारदार चाकू निकाल लाया और शाहनवाज के पेट, पैर और चेहरे पर दनादन वार कर दिए.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जुलूस निकाला
इस खूनी हमले के दौरान जब चीख पुकार मची तो अकरम, आसिम और आरोपी आरिफ की बेटी अनम ने बीच-बचाव करने की कोशिश की. चाकू पकड़ने के प्रयास में आरोपी की बेटी अनम के हाथ में भी चोट आई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकला था. गंभीर रूप से जख्मी शाहनवाज को तुरंत आर्थोस अस्पताल ले जाया गया, जहां से नाजुक हालत को देखते हुए उसे बॉम्बे अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है.
वहीं पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर उसका क्षेत्र में जुलूस भी निकाला. मामले में थाना प्रभारी संतोष सिंह सेंधव ने बताया कि फरियादी की मौखिक रिपोर्ट पर आरोपी आरिफ बरकाती के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ की जा रही है.
