दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मनायी होली-दीवाली

दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मनायी होली-दीवाली

नयी दिल्ली 08 फरवरी (वार्ता) दिल्ली विधानसभा चुनाव की मतगणना में भारतीय जनता पार्टी के प्रचंड बहुमत आने के रुझान स्पष्ट होते हुए पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुलाल उड़ाकर होली और पटाखे चला कर दीवाली मनायी।

मध्याह्न में मतगणना रुझानों के अनुसार 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा में भाजपा को 46 सीटों पर प्रचंड जीत की ओर अग्रसर दिखने लगी और पिछले चुनावों में 62 सीटें जीतने वाली आम आदमी पार्टी 24 सीटों पर सिमटती दिखी। इस तरह से दिल्ली की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक मोड़ आ गया है जब दिल्ली में भाजपा 27 साल बाद सत्ता में वापस करने जा रही है। वहीं आम आदमी पार्टी 12 साल बाद सत्ता से बेदखल हो रही है।

वैसे तो मतगणना में सुबह से ही भाजपा बड़ी बढ़त ले चुकी थी लेकिन 14 पंडित पंत मार्ग पर स्थित भाजपा के दिल्ली प्रदेश कार्यालय के बाहर भाजपा के हजारों कार्यकर्ता सावधानी पूर्वक इंतज़ार कर रहे थे। अनेक राष्ट्रीय पदाधिकारी भी प्रदेश भाजपा कार्यालय पर मौजूद थे। मतगणना के रुझानों के स्पष्ट होते ही कार्यकर्ता ढोल ताशे की धुन पर नाचने लगे और उन्होंने खूब पटाखे चलाये। कार्यकर्ताओं ने मोदी-मोदी और जय श्री राम के नारे लगाये। भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को गुलाल लगा कर तथा गले लगा कर बधाई दी।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने मतगणना के रूझानों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा भारी बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। श्री मोदी की नीतियों की वजह से हम लगातार जीत रहे हैं और 20 से ज्यादा राज्यों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार है।”

उन्होंने भाजपा और आम आदमी पार्टी की हार की वजहों के बारे में पूछे गये सवाल पर कहा, “इसके कई कारण है, जिनमें एक ओर आप का शराब घोटाला, यमुना की सफाई नहीं करने, सड़कों की बदहाली का मुद्दा था, तो दूसरी ओर श्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा द्वारा किया गया वादा था।” उन्होंने कहा, “भाजपा अपने संकल्प पत्र में जो वादा करती है, उसे पूरा करती है। यहीं वजह है कि हम लगातार चुनाव जीत रहे हैं। श्री मोदी के नेतृत्व में हम तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाने में सक्षम रहे हैं। लोग भाजपा की नीतियों और श्री मोदी की गारंटियों पर विश्वास विश्वास कर रही है।

Next Post

दिल्ली विधानसभा मतगणना के रूझानों से आप कार्यालय के बाहर उत्साह फीका, भाजपा कार्यालय में खुशी की लहर

Sat Feb 8 , 2025
नयी दिल्ली, 08 फरवरी (वार्ता) दिल्ली विधानसभा चुनाव के मतगणना के शुरूआती रूझान के बाद जहां भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में उत्साह का माहौल हैं वहीं आम आदमी पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं का उत्साह धीरे-धीरे कम होता नजर आ रहा है और नेता नदारद दिख रहे हैं। दिल्ली […]

You May Like