
रीवा, 27 जून, रीवा के टीआरएस कॉलेज में परीक्षा के दौरान दो फर्जी परीक्षार्थियों को पकड़ा गया है मुन्ना भाई एमबीबीएस की तर्ज पर दोनों फर्जी परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे. इसमें से एक अपने जीजा की जगह तो दूसरा अपने चचेरे भाई की जगह परीक्षा दे रहा था. पकड़े गए आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है. नकली परीक्षार्थियों की पहचान सुखेंद्र पटेल निवासी हनुमना और पुष्पराज सिंह चौहान निवासी कमर्जी सीधी के रूप में की गई है.
इस पूरे मामले में महाविद्यालय प्राचार्य ने बताया कि मध्य प्रदेश भोज मुक्त विश्वविद्यालय भोपाल के द्वारा परीक्षा का आयोजन कराया गया था. भोज मुक्त विश्वविद्यालय का अध्ययन केंद्र टीआरएस कॉलेज बनाया गया है यहां प्रथम पाली की परीक्षा 9:00 बजे से 12:00 बजे हो रही थी. स्नातक और स्नातकोत्तर परीक्षाओं के संचालन के दौरान जब वीक्षकों के द्वारा चेकिंग की जा रही थी इस समय एमसीए की परीक्षा में प्रवेश पत्र पर संदेह हुआ जब पूछताछ हुई तो पता चला कि सज्जन सिंह के जगह पुष्पराज सिंह निवासी कमर्जी सीधी अपने चचेरे भाई की जगह परीक्षा में शामिल हुआ है. परीक्षा के दौरान जब एक फर्जी परीक्षार्थी को पकड़ा गया तो गहन जांच शुरू हो गई इस दौरान बीए प्रथम वर्ष की परीक्षा में भी एक फर्जी छात्र दल के हाथ लग गया यहां सुखेंद्र पटेल नमक फर्जी परीक्षार्थी अपने जीजा रंजीत पटेल की जगह परीक्षा दे रहा था जो हनुमान का निवासी है. पकड़े गए दोनों ही परीक्षार्थियों को महाविद्यालय प्रबंधन के द्वारा सिविल लाइन पुलिस के हवाले कर दिया गया है.
