जन्मदिन के दिन मासूम की मौत

जबलपुर: लार्डगंज थाना अंतर्गत यादव कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर घर के बाहर दोस्त के साथ साइकिल चला रहा एक 9 वर्षीय मासूम लोहे के टिन शेड में दौड़ रहे करंट की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना में उसका दोस्त भी गंभीर रूप से झुलस गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हृदय विदारक बात यह है कि हादसे के दिन मृत बालक का जन्मदिन था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

यादव कॉलोनी चौकी प्रभारी गनपत मर्सकोले ने बताया कि उजार पुरवा निवासी रौनक महर पिता रोशन महर, 9 वर्ष का शुक्रवार को जन्मदिन था। सुबह से घर में उत्सव का माहौल था। दोपहर करीब 12 बजे रौनक अपने दोस्त रिहान केवट के साथ घर के बाहर साइकिल चला रहा था। तभी दोनों दोस्त पास ही बने एक बाड़े के समीप पहुँच गए। बाड़े की बाउंड्री पर लगे लोहे के टिन शेड में तेज करंट दौड़ रहा था। साइकिल चलाते समय दोनों मासूम अनजाने में इस टिन शेड के संपर्क में आ गए।

दोनों दोस्त छटपटाते रहे। करंट इतना भयानक था कि रौनक महर को संभलने का मौका भी नहीं मिला और उसकी घटनास्थल पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। करंट की चपेट में आए दूसरे बच्चे रिहान केवट को तुरंत एक निजी अस्पताल पहुँचाया गया। डॉक्टर की निगरानी में रिहान का उपचार किया जा रहा है, जहाँ उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस बाड़े में करंट दौड़ रहा था समेत अन्य बि न्दुओं पर जांच कर रही है।
बर्थडे की खुशियाँ चीखों में बदलीं, सदमे में परिजन-
मासूम की मौत के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बधाईयाँ देने के साथ लंबी उम्र की प्रार्थना करने वाले परिजन रौनक का शव देख सदमे में सुध-बुध खो बैठे है। दरअसल हादसे के पहले घर में उत्सव का माहौल था। घर में केक काटने की तैयारी चल रही थी, परिजन लाडले की लंबी उम्र की दुआएं माँग रहे थे। मासूम रौनक अपने 9वें जन्मदिन पर बेहद खुश था। वे अपने मासूम दोस्त के साथ हँसते-खेलते हुए घर के पास खेल रहा था। दोनों मासूमों को अंदाजा भी नहीं था कि वहाँ मौत उनका इंतजार कर रही है। दोपहर होते-होते खुशियां चीख-पुकार मच गई। इस हृदय विदारक घटना को जिनसे भी देखा, सुना उसकी आँखें नम हो गई ।

Next Post

8 दिनों से जली पड़ी है डीपी, बिना फिल्टर पानी पीने को मजबूर जीरापुर की जनता

Sat Jun 27 , 2026
जीरापुर: नगर में जल सप्लाई वितरण व्यवस्था को लेकर आम नागरिकों को आए दिन परेशानी झेलनी पड़ रही है. गंदा और मटमैला पानी सप्लाई होने से लोग बीमारी की आशंका में जी रहे हैं.वाल चेम्बर से पानी लीकेज होने के कारण चेम्बर्स से बाहर पानी बहता रहता है. ऐसे में […]

You May Like