‘छम्मा छम्मा’ करने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं थीं उर्मिला मातोंडकर, राजकुमार संतोषी की बात ने बदल दिया फैसला

उर्मिला मातोंडकर ने खुलासा किया कि वह शुरुआत में फिल्म ‘चाइना गेट’ का सुपरहिट गाना छम्मा छम्मा नहीं करना चाहती थीं। निर्देशक राजकुमार संतोषी की समझाइश के बाद उन्होंने हामी भरी।

बॉलीवुड के आइकॉनिक डांस नंबरों में शामिल फिल्म ‘चाइना गेट’ का सुपरहिट गाना ‘छम्मा छम्मा’ आज भी लोगों की जुबान पर रहता है। इस गाने में उर्मिला मातोंडकर के शानदार डांस और स्क्रीन प्रेजेंस ने दर्शकों का दिल जीत लिया था। हालांकि, सालों बाद अभिनेत्री ने खुलासा किया है कि वह शुरुआत में इस गाने का हिस्सा बनने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं थीं।

उर्मिला मातोंडकर ने बताया कि उस समय इंडस्ट्री में आइटम नंबर को लेकर बनी धारणा की वजह से उन्होंने इस ऑफर को लगभग ठुकरा दिया था। उर्मिला हाल ही में टीवी शो ‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ में स्पेशल गेस्ट के रूप में पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने ‘छम्मा छम्मा’ से जुड़ी यादें शेयर करते हुए बताया कि जब उन्हें निर्देशक राजकुमार संतोषी की फिल्म ‘चाइना गेट’ में यह गाना ऑफर हुआ, तब उन्होंने इसे करने से मना करने का मन बना लिया था।

राजकुमार संतोषी की बात ने बदला नजरिया
उर्मिला ने बताया कि उस दौर में आइटम नंबर को अलग नजरिए से देखा जाता था, इसलिए वह इस तरह का गाना करने में सहज नहीं थीं। लेकिन बाद में राजकुमार संतोषी ने उनसे बातचीत की और समझाया कि वह ऐसा यादगार गाना बनाना चाहते हैं, जिसे लोग वर्षों तक याद रखें और जिस पर हर समारोह में लोग थिरकें। निर्देशक की यह सोच सुनने के बाद उर्मिला ने अपना फैसला बदल दिया और गाने के लिए हामी भर दी।

12 दिन की जगह सिर्फ 3 दिन में हुई शूटिंग
उर्मिला मातोंडकर ने गाने की शूटिंग से जुड़ा एक और रोचक किस्सा भी शेयर किया। उन्होंने बताया कि शूटिंग शुरू होने से पहले उन्होंने कोरियोग्राफर गणेश आचार्य से पूछा था कि इस गाने को फिल्माने में कितना समय लगेगा। उन्हें बताया गया था कि लगभग 12 दिन लगेंगे, लेकिन पूरी टीम की जबरदस्त तैयारी, मेहनत और तालमेल की वजह से ‘छम्मा छम्मा’ की शूटिंग सिर्फ तीन दिनों में पूरी हो गई।

करिश्मा कपूर ने भी की गाने की तारीफ
इसी एपिसोड में अभिनेत्री करिश्मा कपूर भी मौजूद थीं। उन्होंने ‘छम्मा छम्मा’ को अपने पसंदीदा गानों में से एक बताते हुए कहा कि जब यह गाना रिलीज हुआ था, तभी से उन्हें बेहद पसंद है। करिश्मा ने उर्मिला मातोंडकर की परफॉर्मेंस की तारीफ करते हुए कहा कि यह गाना अपने दौर में जितना लोकप्रिय था, आज भी उतना ही पसंद किया जाता है। यही वजह है कि ‘छम्मा छम्मा’ आज भी बॉलीवुड के सबसे यादगार डांस नंबर्स में गिना जाता है।

Next Post

एस.आर. मॉल सहित तीन परिसरों में की गई तालाबंदी-सीलिंग की कार्रवाई

Sat Jun 27 , 2026
जबलपुर: देश के विभिन्न शहरों में घटित गंभीर अग्नि दुर्घटनाओं को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम द्वारा शहर में संचालित सार्वजनिक उपयोग वाले भवनों, मॉल, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं ज्वलनशील सामग्री के भंडारण से जुड़े परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था की लगातार जाँच की जा रही है। जन-सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते […]

You May Like