पीछे से बाइक पर आए बदमाश, झपटा बैग-मोबाइल; विरोध किया तो डंडे से किया हमला

देवास। धाराजी रोड पर पिपलापाटी कुआं के पास पीछे से बाइक पर आए बदमाशों ने एक व्यक्ति को निशाना बनाते हुए उसके कंधे पर टंगा बैग और जेब में रखा मोबाइल झपट लिया। पीड़ित ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने डंडे से उसके हाथ पर वार किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से झपटा गया मोबाइल, बैग और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार 8 अगस्त को फरियादी ने थाना उदयनगर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह अपने ससुर के साथ ग्राम नीमनपुर से बैल खरीदकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान धाराजी रोड पर पिपलापाटी कुआं के पास पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए आरोपियों ने उसका बैग और मोबाइल झपट लिया। अचानक हुई इस वारदात का फरियादी ने विरोध किया तो आरोपियों ने डंडे से उसके हाथ पर वार कर दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना उदयनगर में विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

 

साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंची पुलिस-

 

वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने आरोपियों की तलाश के साथ ही घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाना शुरू किया। पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और लगातार किए गए प्रयासों के आधार पर वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तार आरोपियों में बनेसिंह पिता देवा रावत उम्र 39 वर्ष, गोविंद पिता चम्पालाल अलावा उम्र 27 वर्ष और विजय पिता संतोष अलावा, सभी निवासी आगरा खुर्द शामिल हैं।

 

मोबाइल, बैग और बाइक बरामद-

 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटा गया मोबाइल फोन, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपए है, बरामद किया है। इसके साथ ही फरियादी का बैग और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त कर ली है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Next Post

ब्राह्मण समाज के दिवंगतजनों को दी सामूहिक श्रद्धांजलि

Mon Aug 31 , 2026
ग्वालियर। सकल ब्राह्मण महासमिति द्वारा प्रतिमाह की भांति इस माह भी प्रधान कार्यालय ऊंट पुल पर ब्राह्मण समाज के अगस्त 2026 में दिवंगत हुए लोगों को महासमिति के अध्यक्ष प्रकाश नारायण शर्मा की अध्यक्षता में श्रद्धांजलि दी गई। मुख्य वक्ता ब्राह्मण अंतरराष्ट्रीय संगठन के युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र […]

You May Like