
भोपाल। राजधानी भोपाल के अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवक अपने घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बल्लभ नगर निवासी आकाश गौतम (19) के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह उसकी मां काम पर चली गई थीं, जबकि छोटा भाई घर से बाहर था। दोपहर में जब भाई घर लौटा तो उसने आकाश को फंदे पर लटका देखा।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब छह माह पहले मृतक के पिता की भी फांसी लगने से मृत्यु हुई थी। परिजनों के अनुसार, पिता की मृत्यु के बाद आकाश मानसिक तनाव में रहने लगा था और उसे शराब की लत लग गई थी। पुलिस का कहना है कि मामले में मर्ग कायम कर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
