
रतलाम। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रिंगनोद थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को एक किलोग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर ड्रग्स के स्रोत और पूरे तस्करी नेटवर्क की कडिय़ां जोडऩे में जुटी है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह आजाद के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को 25 जून को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बरखेड़ी फंटा स्थित महू-नीमच फोरलेन हाईवे से अवैध एमडी ड्रग्स लेकर गुजरने वाला है।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी उप निरीक्षक रघुवीर जोशी सहित पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए संदेही की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1000 ग्राम (एक किलोग्राम) एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान 52 वर्षीय युनुस पिता नियामत खान पठान निवासी ग्राम कोटड़ी, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि ड्रग्स कहां से लाई गई थी, किसे सप्लाई की जानी थी और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और पूरे गिरोह के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
