मुंबई, 26 जून (वार्ता) टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (टीएमपीवी) और टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी (टीपीईएम) ने अपने अधिकृत डीलरों को आसान ऋण उपलब्ध कराने के लिए यूको बैंक के साथ एक रणनीतिक साझेदारी की है। टीएमपीवी और यूको बैंक ने शुक्रवार को एक संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इससे डीलरों की रोजमर्रा की पूंजी आवश्यकताओं को अधिक प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकेगा। इस साझेदारी के तहत डीलरों को उनकी जरूरतों के अनुरूप उनके पास मौजूद इन्वेंट्री की बिना पर ऋण उपलब्ध कराया जायेगा। दोनों कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में इस संबंध में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये गये।
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के मुख्य वित्तीय अधिकारी धीमन गुप्ता ने इस साझेदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस विशेष कार्यक्रम के माध्यम से कंपनी के अधिकृत डीलर साझेदारों को टाटा की पारंपरिक आंतरिक दहन इंजन वाले और इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध होगी। डीलर नेटवर्क कंपनी की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सहयोग डीलरों को अपनी इन्वेंट्री का बेहतर प्रबंधन करने में सक्षम बनायेगा ।
यूको बैंक के महाप्रबंधक शशि कांत कुमार ने कहा कि ऑटोमोबाइल मूल्य श्रृंखला में डीलरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उनके व्यवसाय के सतत विकास तथा परिचालन दक्षता के लिए समय पर कार्यशील पूंजी की उपलब्धता बेहद आवश्यक है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह साझेदारी टाटा के वाहन डीलरों को उनकी वित्तीय आवश्यकताओं के अधिक प्रभावी ढंग से प्रबंधन करने और पूंजी तक निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करने में मददगार साबित होगी।

