
छतरपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शुक्रवार को पीड़ित परिवार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी देवी बंसल की शादी करीब 10 वर्ष पहले ढिकपुरा निवासी उत्तम बंसल से हुई थी। उनका आरोप है कि विवाह के बाद से बेटी को मायके आने-जाने से रोका जाता था और पति व देवर द्वारा उसके साथ मारपीट एवं प्रताड़ना की जाती थी।
परिजनों के अनुसार 23 मई 2026 को उन्हें एक अज्ञात मोबाइल नंबर से श्मशान घाट में चिता पर लेटी बेटी की तस्वीर भेजी गई, जिससे उसकी मौत की जानकारी मिली। उनका आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उन्हें मृत्यु की सूचना तक नहीं दी। साथ ही पिपट और महाराजपुर थाने में शिकायत के बावजूद अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
पीड़ित परिवार ने राज्य महिला आयोग और पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
