
सीधी।छिंदवाड़ा जिले में जहरीले कफ सीरप के सेवन से हुई अनेक मासूम बच्चों की दर्दनाक मौतों ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इसी मुद्दे को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह के नेतृत्व में जिला चिकित्सालय के सामने धरना-प्रदर्शन आयोजित किया।
धरना-प्रदर्शन में जहां छिंदवाड़ा कफ सीरप कांड के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को न्याय की मांग उठाई, वहीं जिला चिकित्सालय सीधी की बदहाल व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की गिरती गुणवत्ता पर भी आवाज़ बुलंद की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने आयोजित धरना को संबोधित करते हुए कहा कि मासूम बच्चों की जान लेने वाला यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि शासन प्रशासन की गंभीर विफलता है।जब बच्चों की जान बचाने वाली दवा ही मौत का कारण बन जाए, तो यह जनता के भरोसे पर सबसे बड़ा धोखा है।कांग्रेस दोषियों को सजा दिलाने तक चुप नहीं बैठेगी। यह घटना सरकार की घोर लापरवाही और असंवेदनशीलता का प्रतीक है।
