सतना : डीआईजी रीवा रेंज हेमंत सिंह चौहान ने बुधवार को परेड की सलामी लेने के साथ ही वार्षिक निरीक्षण किया. इसी कड़ी में डीआईजी ने बलवा ड्रिल का अवलोकन करने के बाद पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए. इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी समेत थाना प्रभारी मौजूद रहे.डीआईजी श्री चौहान ने बुधवार की सुबह पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में परेड की सलामी ली.
परेड की सलामी लेने के दौरान उन्होंने पुलिस कर्मियों के यूनीफार्म सहित उनके पाश्चर पर बारीकी से गौर किया. परेड के दौरान पुलिस के बैण्ड द्वारा शानदार प्रस्तुति दी गई. इसी कड़ी में आयोजित परेड की भी उन्होंने कड़ी निगरानी की. वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस विभाग के सभी वाहन एक लाइन से खड़े रखे गए थे. जिसकी निरीक्षण करने के साथ ही डीआईजी ने महत्वपूर्ण प्रश्र करते हुए पुलिस कर्मियों की जानकारी को परखने का प्रयास किया.
इसी कड़ी में डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते का भी डीआईजी ने बारीकी से निरीक्षण किया. परेड की सलामी और निरीक्षण के बाद परेड ग्राउंड में ही बलवा ड्रिल आयोजित किया गया. जिसमें दंगाई के तौर पर कुछ पुलिसकर्मियों ने अराजकता फैलाते हुए पत्थरबाजी सहित हुड़दंग शुरु कर दी. जिसे नियंत्रित करने के लिए मौके पर मुस्तैद पुलिस टीम द्वारा आवश्यक कदम उठाए गए.
हलांकि हालत को नियंत्रित करने के दौरान कुछ पुलिसकर्मी घायल भी हुए. जिन्हें फौरन ही स्टे्रचर पर लादकर उपचार के लिए भेजा गया. बलवा ड्रिल का अवलोकन करने के बाद डीआईजी द्वारा पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए. इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह सहित एएसपी, सीएसपी, एसडीओपी, थाना प्रभारी और आरआई सहित अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे
