बंगलादेश और चीन ने 13 समझौते पर हस्ताक्षर किये

बीजिंग, 26 जून (वार्ता) बंगलादेश-चीन ने अपने रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करते हुए 13 सहयोग समझौतों पर हस्ताक्षर किये हैं।

बंगलादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने चीनी प्रधानमंत्री ली कियांग के साथ उच्च स्तरीय वार्ता की। इस दौरान तीस्ता परियोजना, व्यापार, निवेश और बुनियादी ढांचे जैसे प्रमुख राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा आगे बढ़ायी गयी।

श्री रहमान की इस चार दिवसीय चीन यात्रा के दौरान चीन में उन्हें पूर्ण राजकीय सम्मान दिया गया। दोनों देशों के बीच हुए इन समझौतों से व्यापार, निवेश, विकास सहयोग और दोनों देशों के नागरिकों के बीच आपसी संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता महदी अमीन ने चीन में प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कहा कि इस यात्रा से रणनीतिक जुड़ाव, बुनियादी ढांचा विकास, रोजगार सृजन और निवेश के क्षेत्र में सहयोग का नया दौर शुरू होगा।

इससे पहले चीन के जल संसाधन मंत्री ली गुओयिंग ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की, जिसमें तीस्ता मास्टर प्लान के साथ-साथ नदी प्रबंधन, बाढ़ नियंत्रण, ड्रेजिंग और सिंचाई पर सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी। चीन ने जल संसाधन प्रबंधन में अनुसंधान और तकनीकी प्रशिक्षण के माध्यम से बंगलादेश को सहायता देने में भी रुचि दिखायी है।

राजनीतिक स्तर पर, बीएनपी अध्यक्ष रहमान ने चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के अंतरराष्ट्रीय विभाग के मंत्री लिउ हैक्सिंग के साथ एक बैठक की। इसमें दोनों दलों के बीच दीर्घकालिक सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी और एक समझौता पत्र पर भी हस्ताक्षर किया।

श्री रहमान आज शुक्रवार को चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और नेशनल पीपुल्स कांग्रेस की स्थायी समिति के अध्यक्ष झाओ लेजी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह अपनी पहली विदेश यात्रा पूरी कर शाम को ढाका लौट जायेंगे।

 

Next Post

मुहर्रम पर बंद रहे शेयर और मुद्रा बाजार

Fri Jun 26 , 2026
मुंबई, 26 जून (वार्ता) मुहर्रम के मौके पर शुक्रवार को घरेलू शेयर और मुद्रा बाजार बंद रहे। कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजारों में आज अवकाश रहा। बाजार में किसी भी प्लेटफॉर्म पर कोई कारोबार नहीं हुआ। अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में भी कारोबार बंद रहा। कारोबारियों के अनुसार, शनिवार […]

You May Like