इंदौर:भंवरकुआं थाना क्षेत्र में जन्मदिन की पार्टी के दौरान शराब के नशे में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आरोपियों ने दो युवकों के साथ मारपीट की. इस दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया, जबकि दूसरे के सिर पर बीयर की बोतल मारकर घायल कर दिया. पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक शुभ सम्प्रदा कॉलोनी, निपानिया निवासी राहुल धामेलिया ने शिकायत दर्ज कराई कि वह चोइथराम मंडी के पास स्थित सीएनजी पंप के समीप अपने दोस्त शानू और शुभम से मिला. उनके साथ सज्जू, गिरी महाराज और अन्य साथी भी मौजूद थे. सभी ने मिलकर जन्मदिन का केक काटा और पार्टी करने लगे. इसी दौरान शराब के नशे में सज्जू सिधवानी ने राहुल के भाई लखन को गालियां देना शुरू कर दिया.
विरोध करने पर आरोपियों ने राहुल और लखन के साथ मारपीट शुरू कर दी. मारपीट के दौरान सज्जू ने जेब से चाकू निकालकर लखन पर कई वार किए. वहीं एक अन्य आरोपी ने राहुल के सिर पर बीयर की बोतल मार दी, जिससे वह घायल हो गया. वारदात के बाद सभी आरोपी दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है
