इंदौर:पुलिस से बचने के लिए आर्टिगा कार पर बीजेपी का मोनो लगाकर और बिना नंबर प्लेट के एमडी ड्रग्स की तस्करी कर रहे तीन आरोपियों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 11 ग्राम एमडी ड्रग्स और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही आर्टिगा कार जब्त की गई है. तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर पूछताछ की जा रही है.
डीसीपी क्राइम राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की आर्टिगा कार में सवार कुछ लोग टिगरिया बादशाह रोड पर एमडी ड्रग्स की खेप की डिलीवरी देने आने वाले हैं. सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने इलाके में घेराबंदी की. संदिग्ध कार के पहुंचते ही टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने आगे वाहन अड़ाकर उन्हें पकड़ लिया. तलाशी के दौरान कार से 11 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई, पुलिस ने कार भी जब्त कर ली. जांच में सामने आया कि कार पर पुलिस की नजर से बचने के लिए बीजेपी का मोनो लगाया था, जबकि वाहन पर नंबर प्लेट भी नहीं थी.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नूरा उर्फ फिरोज निवासी चोइथराम रोड, शिफाज उर्फ गब्बू निवासी सदर बाजार और अहमद उर्फ भय्यू निवासी सिकंदराबाद कॉलोनी के रूप में हुई है. तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों में से दो का आपराधिक रिकॉर्ड भी है और वे लंबे समय से शहर में एमडी ड्रग्स की तस्करी से जुड़े हुए हैं. पुलिस अब उनसे पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि ड्रग्स कहां से लाई गई थी, इसे किसे सप्लाई किया जाना था और इस नेटवर्क में और कौन कौन लोग शामिल हैं
