
नयी दिल्ली 09 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को कर्नाटक और तेलंगाना की यात्रा पर जायेंगे जहां वह हैदराबाद में लगभग 9,400 करोड़ रुपये की अनेक विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, उद्घाटन करेंगे और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। श्री मोदी सुबह 11 बजे बेंगलुरु में ‘द आर्ट ऑफ लिविंग’ की 45वीं वर्षगांठ समारोह और श्री श्री रवि शंकर के 70वें जन्मदिवस समारोह में भाग लेंगे। वह बेंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग अंतरराष्ट्रीय केंद्र में नव-निर्मित ध्यान मंदिर का उद्घाटन भी करेंगे, जो आंतरिक शांति और समग्र कल्याण के लिए समर्पित एक ध्यान कक्ष है। वह संगठन की राष्ट्रव्यापी सेवा पहलों का भी शुभारंभ करेंगे, जिनमें मानसिक स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, प्रकृति संरक्षण और सामाजिक परिवर्तन पर केंद्रित वर्षभर चलने वाली परियोजनाएँ शामिल हैं।वह इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री हैदराबाद जाएंगे और लगभग तीन बजे लगभग 9,400 करोड़ रुपये की अनेक विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, उद्घाटन करेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वह इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित भी करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य कनेक्टिविटी को मजबूत करना, लॉजिस्टिक्स दक्षता बढ़ाना, सुरक्षा सुधारने और यात्रियों के लिए बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करना है।
प्रधानमंत्री हैदराबाद–पणजी आर्थिक गलियारे पर गुडेबेल्लूर से महबूबनगर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-167 के चार लेन विस्तार की आधारशिला रखेंगे, जिसकी कुल लागत 3,175 करोड़ रुपये से अधिक है। श्री मोदी संगारेड्डी जिले में ज़हीराबाद औद्योगिक क्षेत्र की आधारशिला भी रखेंगे, जिसे राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास कार्यक्रम के तहत हैदराबाद–नागपुर औद्योगिक गलियारे का हिस्सा बनाया जा रहा है। लगभग 2,350 करोड़ रुपये की लागत से 3,245 एकड़ में विकसित यह परियोजना राष्ट्रीय राजमार्ग-65 के किनारे स्थित है और प्रमुख शहरों, बंदरगाहों, रेलवे नेटवर्क और हवाई अड्डों से बहु-माध्यम संपर्क प्रदान करेगी। प्रधानमंत्री वारंगल में पीएम मित्र पार्क (काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क) का उद्घाटन करेंगे, जिसे पीएम मित्र योजना के तहत विकसित किया गया है। लगभग 1,700 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह भारत का पहला पूर्ण रूप से कार्यशील पीएम मित्र पार्क है और ‘फार्म टू फाइबर टू फैक्ट्री टू फैशन टू फॉरेन’ की 5एफ अवधारणा को लागू करता है। यह पार्क राष्ट्रीय राजमार्ग और रेलवे नेटवर्क के निकट स्थित है, जिससे वैश्विक व्यापार के लिए बेहतर लॉजिस्टिक सुविधा मिलेगी।
प्रधानमंत्री लगभग 1,535 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिनमें काज़ीपेट–विजयवाड़ा मल्टी-ट्रैकिंग परियोजना के 118 किलोमीटर के विभिन्न खंड शामिल हैं। इससे ग्रैंड ट्रंक कॉरिडोर की क्षमता बढ़ेगी, ट्रेनों की गति और समयबद्धता में सुधार होगा तथा माल ढुलाई को बढ़ावा मिलेगा। इसके अतिरिक्त काज़ीपेट रेल बायपास को भी समर्पित किया जाएगा, जिससे हैदराबाद, बल्लारशाह और विजयवाड़ा की ओर एक साथ रेल संचालन संभव होगा और जाम कम होगा। श्री मोदी लगभग 600 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इंडियन ऑयल के मलकापुर टर्मिनल प्रोजेक्ट को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिसकी कुल भंडारण क्षमता 1,65,000 किलोलीटर है। इसके साथ ही वह शाम पौने चार बजे हैदराबाद में सिंधु अस्पताल को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जो कैंसर केंद्रित बहु-विशेषता सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल है। यह 21 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में फैला है, जिसमें 1,500 बिस्तर, 150 से अधिक डॉक्टर कक्ष और 29 उन्नत ऑपरेशन थिएटर हैं। इसमें कीमोथेरेपी, रेडियोथेरेपी, कैंसर सर्जरी, बोन मैरो ट्रांसप्लांट और 33 से अधिक सुपर स्पेशियलिटी सेवाएँ उपलब्ध हैं। ये सभी परियोजनाएँ ‘विकसित भारत के लिए विकसित तेलंगाना’ के दृष्टिकोण को दर्शाती हैं, जो एकीकृत अवसंरचना विकास के माध्यम से आर्थिक वृद्धि, जीवन स्तर में सुधार और अधिक तेज़ व जुड़ा हुआ राष्ट्र बनाने पर केंद्रित हैं।
