सरिया सप्लाई के नाम पर 3.42 लाख की ठगी

जबलपुर: रांझी निवासी एक व्यवसायी से जी.के. टीएमटी बार (सरिया) की डीलरशिप के नाम पर फर्जी डीलर ने 3 लाख 42 हजार 100 रुपये की धोखाधड़ी कर दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रावण पार्क के पास, रांझी निवासी सूरज कुमार यादव 59 वर्षीय एम एस रविन्द्र इलेक्ट्रिकल्स फर्म के प्रोपराइटर हैं। उनकी फर्म ने जी.के. सेल्स कॉर्पोरेशन के संचालक पवन कुमार से जी.के. टीएमटी बार खरीदने का सौदा किया था।

आरोपी पवन कुमार ने उन्हें बैंक ऑफ इंडिया, रायपुरा शाखा का एक खाता विवरण भेजा, जो जी.के. सेल्स कॉर्पोरेशन के नाम पर दर्ज था। परचेस ऑर्डर की शर्तों के मुताबिक, कुल राशि का 50 प्रतिशत एडवांस और बाकी 50 प्रतिशत माल की अनलोडिंग के बाद देना तय हुआ था। पीड़ित ने भरोसा करके 12 जून को ही 3,42,100 आरटीजीएस के जरिए आरोपी के खाते में ट्रांसफर कर दिए। रकम खाते में आते ही आरोपी पवन कुमार के तेवर बदल गए।

उसने माल की डिलीवरी देने के बजाय पीड़ित पर बकाया 50 फीसदी रकम तुरंत भेजने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब पीड़ित को धोखाधड़ी की आशंका हुई, तो उन्होंने सीधे जी.के. टीएमटी कंपनी के मुख्य कार्यालय और अधिकृत प्रतिनिधियों से संपर्क किया। वहां से पता चला कि पवन कुमार नाम का कोई भी व्यक्ति उनका अधिकृत डीलर या विक्रेता नहीं है। इसके तुरंत बाद आरोपी ने अपने सभी मोबाइल नंबर बंद कर लिए। फर्जी वेंडर बनकर आर्थिक चपत लगाने के इस मामले में पुलिस ने आरोपी पवन कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है‌।

Next Post

शराब दुकानों के पास गंदगी फैलाने वालों पर 10 हजार रूपये का लगाया स्पॉट फाइन

Fri Jun 26 , 2026
जबलपुर: शहर को साफ-सुथरा और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम की टीम ने गुरुवार को संयुक्त कार्रवाई की। संभाग क्रमांक 14 विजय नगर एवं संभाग क्रमांक 6 क्षेत्रीय बस स्टैंड के अंतर्गत आने वाले प्रमुख क्षेत्रों बलदेवबाग, दमोहनाका और चंडाल भाटा में संचालित देशी व अंग्रेजी शराब […]

You May Like