इंदौर: आगामी ईद मिलादुन्नबी पर्व को लेकर खजराना क्षेत्र में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. मंगलवार को पुलिस बल ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च कर प्रमुख मार्गों, संवेदनशील इलाकों और आयोजन स्थलों का जायजा लिया. इस बार पुलिस के साथ स्थानीय वॉलेंटियर्स भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करेंगे. संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने के साथ भीड़ प्रबंधन और शांति व्यवस्था बनाए रखने में उनकी भूमिका रहेगी.
खजराना क्षेत्र को संवेदनशील मानते हुए पुलिस ने पर्व के दौरान कानून व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है. इसी के तहत पुलिस अधिकारियों और जवानों ने क्षेत्र में भ्रमण किया. फ्लैग मार्च के दौरान प्रमुख मार्गों और आयोजन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था देखी गई तथा पुलिस की मौजूदगी के जरिए आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया. पुलिस ने खजराना क्षेत्र में वॉलेंटियर मॉडल भी तैयार किया है.
इसके तहत स्थानीय वॉलेंटियर्स अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस के साथ समन्वय बनाकर काम करेंगे. किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर वे तत्काल पुलिस को सूचना देंगे. इसके अलावा पर्व के दौरान भीड़ को व्यवस्थित करने और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में भी पुलिस का सहयोग करेंगे. संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर वॉलेंटियर्स की सक्रियता के साथ पुलिस की निगरानी व्यवस्था भी जारी रहेगी. पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के लोगों से ईद मिलादुन्नबी का पर्व शांति, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है. साथ ही किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा है. एडीसीपी अमरेन्द्र सिंह का कहना है कि पर्व के दौरान क्षेत्र में लगातार भ्रमण और निगरानी रखी जा रही है, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना खजराना पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रही है.
