जबलपुर: थाना जीआरपी जबलपुर द्वारा सेफ क्लिक 2.0 अभियान के द्वितीय दिवस पर राइट टाउन स्टेडियम जबलपुर में आने वाले स्कूल कॉलेज के विद्यार्थियों-खिलाड़ियो को सेफ क्लिक अभियान के तहत साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, ऑनलाइन ठगी, ओटीपी शेयरिंग, फर्जी कॉल एवं सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के संबंध में विस्तार से जानकारी देकर जागरूक किया गया।
अभियान में थाना प्रभारी जीआरपी जबलपुर संजीवनी राजपूत ने विद्यार्थियों व खिलाड़ियो को बताया गया कि किसी भी अज्ञात लिंक पर बिना सत्यापन क्लिक न करें तथा अपने बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी एवं अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें। सेफ क्लिक की आदत अपनाकर साइबर अपराधों से बचा जा सकता है।
विशेष अपील की गई कि यदि उनके साथ किसी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी अथवा ऑनलाइन ठगी की घटना घटित होती है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचित करें साइबर फ्रॉड की सूचना शीघ्र देने पर ट्रांजैक्टेड राशि को संबंधित बैंकिंग चैनलों के माध्यम से तत्काल होल्ड फ्रीज कराकर पीड़ित की राशि वापस दिलाने की प्रभावी कार्रवाई की जा सकती है। जीआरपी जबलपुर द्वारा लगभग 50 विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने हेतु पंपलेट वितरित किए गए तथा अधिक से अधिक लोगों को साइबर जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।
