नयी दिल्ली, 25 जून (वार्ता) केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौता (सेटा) दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक भागीदारी को और मजबूत करेगा और आर्थिक व्यापारिक सहयोग के नये अवसर खोलेगा।
श्री गोयल आज से ब्रिटेन की तीन दिन की यात्रा पर हैं। उन्होंने पहले दिन की शुरुआत ‘इंडिया ग्लोबल फोरम’ के एक कार्यक्रम के साथ की। फोरम ने ‘यूके-इंडिया सप्ताह-2026:बड़े क्षितिज’ शीर्षक कार्यक्रम का आयोजन किया है।
इस संवाद कार्यक्रम में श्री गोयल ने गोयल ने भारत-ब्रिटेन सेटा की सम्भावनाओं पर विशेष रूप से अपनी राय प्रस्तुत की। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘ मैंने इस बात पर प्रकाश डाला कि भारत-ब्रिटेन सेटा हमारे दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगा तथा विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसरों के द्वार खोलेगा।”
साथ ही उन्होंने कहा किया कि यह ऐतिहासिक व्यापार समझौता व्यापार, निवेश, नवाचार और सहयोग के लिए अधिक अनुकूल वातावरण तैयार करेगा। इससे दोनों देशों के व्यवसायों को अपनी साझेदारियों को और गहरा करने, अवसरों का विस्तार करने तथा साझा वृद्धि एवं समृद्धि को बढ़ाने में सहयोग को बल मिलेगा।
यह समझौता 15 जुलाई से लागू होने वाला है। इसके अंतर्गत भारतीय उत्पादों को ब्रिटेन के बाजार में व्यापक रूप से प्रवेश में आसानी होगी। लगभग 99 प्रतिशत प्रकार के भारतीय उत्पादों पर ब्रिटेन में शुल्क तत्काल समाप्त कर दिया जाएगा, और यह छूट मूल्य के हिसाब से भारत के लगभग शत प्रतिशत निर्यात पर प्राप्त होगी। इससे भारतीय निर्यातकों , विशेष रूप से श्रम-प्रधान क्षेत्रों के निर्यातकों को बड़ा लाभ मिलेगा।
इस समझौते पर करीब 3 साल में 14 दौर की बातचीत के बाद 24 जुलाई 2025 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की उपस्थिति में वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने व्यापार मंत्री के ब्रिटेन के अपने समकक्ष के साथ हस्ताक्षर किये थे। दोनों पक्षों ने उम्मीद की है कि इस करार के बाद द्विपक्षीय व्यापार में तेजी आयेगी और यह 2030 तक दो गुना हो कर 120 अरब तक पहुंच जाएगा।
